एयर डिफेंस मजबूत- सबमरीन एक्शन तेज, पेंटागन ने दिए लंबे युद्ध के संकेत
x

'एयर डिफेंस मजबूत- सबमरीन एक्शन तेज', पेंटागन ने दिए लंबे युद्ध के संकेत

ईरान जंग के बारे में अमेरिका के युद्ध सचिव हेगेसेथ ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि लड़ाई भले ही लंबी चले ईरान की हार सुनिश्चित है।


ईरान बनाम अमेरिका-इज़राइल संघर्ष को पांच दिन हो चुके हैं। इस बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि यूनाइटेड स्टेट्स ने मध्य पूर्व में तैनात अपनी सेना और सहयोगियों की सुरक्षा के लिए एयर डिफेंस सिस्टम को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इसका मतलब यह नहीं है कि हर हमले को रोका जा सकता है। पेंटागन के अनुसार अब तक छह अमेरिकी सैनिकों की मौत हो चुकी है।

ईरानी एयरस्पेस पर बढ़त का दावा

हेगसेथ ने कहा कि कुछ हमले अपने लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं, लेकिन अमेरिकी सेना की बढ़त उसे ईरान के हवाई क्षेत्र पर तेजी से नियंत्रण दिला रही है। उनका कहना था कि हमला शुरू करने से पहले अमेरिका ने अधिकतम रक्षा और फोर्स प्रोटेक्शन सुनिश्चित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका इस युद्ध में सफलता सुनिश्चित करने के लिए “जितना समय लगेगा, उतना समय लेगा” और दावा किया कि ईरान ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएगा। उनके शब्दों में, अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को “निर्णायक और विनाशकारी” तरीके से आगे बढ़ा रहा है।

अमेरिकी सबमरीन का बड़ा हमला

युद्ध के पांचवें दिन अमेरिकी सबमरीन ने एक टॉरपीडो दागकर ईरानी युद्धपोत IRIS Dena को डुबो दिया। हेगसेथ ने इसे द्वितीय विश्व युद्ध के बाद दुश्मन पर इस तरह का पहला हमला बताया। बताया गया कि यह युद्धपोत अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में खुद को सुरक्षित मान रहा था, लेकिन टॉरपीडो हमले में डूब गया। श्रीलंका ने जानकारी दी कि उसके दक्षिणी तट के पास संकट की सूचना मिलने के बाद 180 में से 32 लोगों को बचाया गया।

ईरान की घटती सैन्य क्षमता

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जनरल डैन केन ने कहा कि युद्ध की शुरुआत की तुलना में ईरान अब कम मिसाइलें दाग रहा है। उनके मुताबिक, अमेरिकी हमलों के कारण ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हुई है।

युद्ध कितने दिन चलेगा?

हेगसेथ ने संकेत दिया कि संघर्ष चार से आठ हफ्ते तक चल सकता है, हालांकि कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि युद्ध की अवधि उसकी प्रगति पर निर्भर करेगी, लेकिन अमेरिका ही इसकी रफ्तार और दिशा तय करेगा।

आगे की रणनीति

हेगसेथ के अनुसार, अमेरिका ने अभियान की शुरुआत एडवांस्ड हथियारों से की थी और अब ईरानी हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण मिलने के बाद ग्रेविटी बम के इस्तेमाल की योजना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमेरिकी सेना के पास पर्याप्त हथियार भंडार मौजूद है।एक इज़राइली सैन्य अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका और इज़राइल के शीर्ष अधिकारियों ने लगभग तीन हफ्ते पहले हमलों की योजना बनानी शुरू कर दी थी।

वैश्विक असर

इस युद्ध में ईरान में एक हजार से अधिक और लेबनान में दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है और पश्चिम एशिया में हजारों यात्री फंसे हुए हैं।

Read More
Next Story