
लश्कर का नकाब TRF बेनकाब, अमेरिका ने कहा- विदेशी आतंकी संगठन
अमेरिका ने लश्कर समर्थित TRF को विदेशी आतंकी संगठन घोषित किया। 22 अप्रैल के पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की हत्या के लिए संगठन को ठहराया दोषी।
अमेरिका ने पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) को औपचारिक रूप से विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया है। यह संगठन जम्मू-कश्मीर में सक्रिय है और इसे लश्कर-ए-तैयबा का ही एक मुखौटा संगठन माना जाता है, जिसका मुख्यालय पाकिस्तान में है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि TRF को आतंकी संगठन घोषित करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक आतंकवाद-रोधी प्रयासों और भारत के साथ एकजुटता का संकेत है।
पहलगाम हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली थी
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में एक भीषण आतंकी हमला हुआ था। हथियारों से लैस आतंकियों ने अचानक गोलियां चलाकर 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस हमले की जिम्मेदारी TRF ने ली थी। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे 2008 के मुंबई हमलों के बाद भारत में सबसे घातक आतंकी हमला बताया है।
लश्कर-ए-तैयबा का मुखौटा है TRF
अमेरिकी विदेश विभाग ने स्पष्ट किया कि TRF असल में लश्कर-ए-तैयबा का ही नया चेहरा है, जिसे पाकिस्तान से संचालित किया जाता है। लश्कर पहले से ही संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकवादी संगठन है और भारत में कई हमलों में इसकी भूमिका रही है। TRF को आतंकवादी संगठन घोषित करने के बाद इसके सदस्यों की संपत्ति जब्त, वित्तीय लेनदेन रोक और यात्रा प्रतिबंध जैसे कड़े प्रतिबंध लागू होंगे।
कश्मीर में सुरक्षा बलों पर भी कई हमलों से जुड़ा
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, TRF न सिर्फ नागरिकों को निशाना बनाता है, बल्कि भारतीय सुरक्षा बलों पर भी हमलों में शामिल रहा है। घाटी में हुए कई आतंकी हमलों में TRF की संलिप्तता पाई गई है। यह संगठन लश्कर की रणनीति के तहत कश्मीर में हिंसा और अस्थिरता फैलाने का काम कर रहा है।
अमेरिका और भारत की एकजुटता
पहलगाम हमले के तुरंत बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर घटना पर शोक व्यक्त किया था और भारत को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हर संभव मदद देने की बात कही थी। मोदी ने अमेरिका के समर्थन पर आभार जताते हुए कहा था कि भारत इस कायरतापूर्ण हमले के दोषियों और उनके संरक्षकों को किसी भी कीमत पर बख्शेगा नहीं।
भारत की जवाबी कार्रवाई
हमले के कुछ दिनों बाद, 7 मई को भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी अड्डों पर एयर स्ट्राइक की। इस ऑपरेशन में 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि की गई थी। भारत ने स्पष्ट कर दिया कि आतंकी हमलों का अब कड़ा जवाब मिलेगा।अमेरिका द्वारा TRF को आतंकी संगठन घोषित किया जाना भारत की राजनयिक सफलता के तौर पर देखा जा रहा है। इससे आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक सहयोग को मजबूती मिलेगी और पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों पर अंतरराष्ट्रीय दबाव और बढ़ेगा।