क्या ट्रंप ने अपनी ही सेना पर की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’? ईरान जंग में नया मोड़
x

क्या ट्रंप ने अपनी ही सेना पर की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’? ईरान जंग में नया मोड़

ईरान के खिलाफ अमेरिकी जंग जारी है। इन सबके बीच अमेरिका ने अपने आर्मी चीफ रैंडी जॉर्ज को हटा दिया है।


पश्चिम एशिया में ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने अमेरिकी सेना के सबसे वरिष्ठ अधिकारी रैंडी जॉर्ज (Randy George) को तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने का निर्देश दिया है।पेंटागन Pentagon ने गुरुवार को इस फैसले की पुष्टि की, हालांकि इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब अमेरिका और इजरायल, ईरान के खिलाफ लगातार सैन्य कार्रवाई में जुटे हैं।

तय कार्यकाल से पहले ही हटाए गए जॉर्ज

जनरल रैंडी जॉर्ज अगस्त 2023 से आर्मी चीफ के पद पर थे और उनका कार्यकाल सामान्यतः चार साल का होता है, जो 2027 तक चलना था। लेकिन उन्हें बीच में ही हटा दिया गया।जॉर्ज एक अनुभवी सैन्य अधिकारी रहे हैं और उन्होंने खाड़ी युद्ध, इराक और अफगानिस्तान जैसे अहम अभियानों में हिस्सा लिया था।

पेंटागन के प्रवक्ता सीन पार्नेल (Sean Parnell) ने कहा कि जॉर्ज 41वें आर्मी चीफ के पद से तुरंत हट रहे हैं। उन्होंने जॉर्ज की दशकों की सेवा की सराहना की, लेकिन यह भी संकेत दिया कि सेना में नेतृत्व परिवर्तन का समय आ गया था। दिलचस्प बात यह है कि रिटायरमेंट से ठीक पहले जॉर्ज West Point में कैडेट्स को प्रशिक्षण दे रहे थे और अपने अनुभव साझा कर रहे थे। बता दें कि रैंडी जॉर्ज की नियुक्ति पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में हुई थी।

क्रिस्टोफर ला-नेव बने नए आर्मी चीफ

अब जॉर्ज की जगह अस्थायी रूप से क्रिस्टोफर लानेव (Christopher LaNeve) को आर्मी चीफ बनाया गया है।ला-नेव इससे पहले वाइस चीफ के पद पर थे और 82वीं एयरबोर्न डिवीजन का नेतृत्व कर चुके हैं। पेंटागन ने उन्हें “अनुभवी और भरोसेमंद” अधिकारी बताया है, जो प्रशासन की नीतियों को प्रभावी ढंग से लागू कर सकते हैं।जॉर्ज पहले रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन (Lloyd Austin) के सैन्य सलाहकार भी रह चुके हैं।

पहले भी कई बड़े अधिकारियों को हटाया गया

डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दोबारा सत्ता में आने के बाद अमेरिकी सेना में बड़े स्तर पर बदलाव देखने को मिल रहे हैं।रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ पहले ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को हटा चुके हैं, जिनमें सी क्यू ब्राउन (CQ Brown), लीसा फ्रैंसेटी( Lisa Franchetti) जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। कुल मिलाकर एक दर्जन से ज्यादा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को बदला जा चुका है।हाल ही में हेगसेथ एक विवाद में भी आए थे, जब उन्होंने एक हेलीकॉप्टर यूनिट के खिलाफ कार्रवाई रोक दी थी और सोशल मीडिया पर लिखा था—“कोई सजा नहीं, कोई जांच नहीं।” हालांकि सूत्रों के अनुसार, आर्मी चीफ को हटाने का फैसला इस विवाद से जुड़ा नहीं है।

पश्चिम एशिया में बढ़ी सैन्य गतिविधियां

इस बीच, अमेरिका की सैन्य गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के पैराट्रूपर्स समेत हजारों सैनिकों को पश्चिम एशिया भेजा जा रहा है।हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ जमीनी युद्ध शुरू करेगा या नहीं।राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में अपने संबोधन में कहा कि आने वाले 2 से 3 हफ्तों में ईरान पर और भी कड़ी सैन्य कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि ईरान को “पाषाण युग में वापस भेज दिया जाएगा।” इस बयान पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और संयुक्त राष्ट्र में अपने मिशन के जरिए कहा कि यह बयान ताकत नहीं, बल्कि अज्ञानता को दर्शाता है।

Read More
Next Story