
ईरान से अब कोई बातचीत नहीं करेगा अमेरिका, ट्रंप बोले- 'अब बहुत देर हो चुकी'
ईरान ने संकेत दिए हैं कि वह बातचीत के लिए तैयार है। लेकिन अब अमेरिका तैयार नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप ने दो-टूक कह दी है।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को ईरान के साथ दोबारा बातचीत की संभावना को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि अब बातचीत के लिए बहुत देर हो चुकी है।
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उनकी एयर डिफेंस, एयर फोर्स, नेवी और नेतृत्व खत्म हो चुका है। वे बातचीत करना चाहते हैं। मैंने कहा – बहुत देर हो चुकी है।” ट्रंप के इस बयान से संकेत मिलता है कि ईरान की प्रमुख सैन्य और राजनीतिक संरचनाएं प्रभावी रूप से ध्वस्त कर दी गई हैं।
यह टिप्पणी उस वक्त आई जब दिवंगत ईरानी सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने कहा कि तेहरान संवाद के लिए तैयार है, लेकिन अपनी शर्तों पर। उन्होंने कहा, “ईरान सम्मान के साथ बातचीत के लिए तैयार है।”
अमेरिका का दावा-आईआरजीसी के ठिकाने तबाह
ईरान-अमेरिका संघर्ष मंगलवार (3 मार्च) को और तेज हो गया। वॉशिंगटन ने दावा किया कि उसने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख कमांड सेंटर, एयर डिफेंस सिस्टम और मिसाइल लॉन्च साइट्स को नष्ट कर दिया है।
वहीं, ईरान ने घोषणा की कि उसने बहरीन में स्थित एक अमेरिकी एयर बेस पर भारी ड्रोन और मिसाइल हमला किया है और महत्वपूर्ण ठिकानों को आग के हवाले कर दिया है।
आईआरजीसी ने कहा कि उसने बहरीन के शेख ईसा क्षेत्र में स्थित अमेरिकी एयर बेस पर 20 ड्रोन और तीन मिसाइलों से हमला किया। उसके अनुसार, इस हमले में अमेरिकी एयर बेस के मुख्य कमांड और मुख्यालय भवन को नष्ट कर दिया गया तथा ईंधन टैंकों में आग लगा दी गई।
संघर्ष के जल्द थमने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि यह अभियान चार से पांच सप्ताह तक चल सकता है, लेकिन वे “इससे कहीं अधिक समय तक” कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
अमेरिकी नागरिकों को पश्चिम एशिया छोड़ने की सलाह
हिंसा के और बढ़ने की आशंका के बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को एक दर्जन से अधिक मध्य-पूर्वी देशों में रह रहे अमेरिकी नागरिकों से सुरक्षा जोखिमों के चलते वहां से निकलने की अपील की।
इससे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि रियाद स्थित अमेरिकी दूतावास परिसर पर दो ईरानी ड्रोन हमलों के बाद ईरान को कड़ा जवाब दिया जाएगा। इन हमलों से आग लग गई थी और संपत्ति को नुकसान पहुंचा था। ट्रंप ने कहा, “आप जल्द ही जान जाएंगे कि जवाबी कार्रवाई क्या होगी।”
होर्मुज जलडमरूमध्य ‘बंद’ करने की घोषणा
इस बीच, तेहरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को “बंद” घोषित करते हुए चेतावनी दी कि इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले किसी भी जहाज को आग के हवाले कर दिया जाएगा।
आईआरजीसी की यह घोषणा ईरान एक तरफ और इज़रायल व अमेरिका दूसरी तरफ के बीच जारी सशस्त्र संघर्ष में अब तक की सबसे गंभीर भू-राजनीतिक उथल-पुथल मानी जा रही है।

