
अगला हफ्ता ईरान पर बहुत भारी है, ट्रंप बोले- ईरान पर बहुत कड़ा हमला करने की योजना
तेल टैंकरों को अहम समुद्री मार्ग से हॉर्मुज से सुरक्षित पार कराने में मदद के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो हम जहाजों को एस्कॉर्ट करेंगे।
पश्चिम एशिया के हालात और बिगड़ने वाले हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नई चेतावनी के बाद इसकी आशंका जताई जा रही है। फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “अगले एक हफ्ते में हम उन पर बहुत कड़ा हमला करने वाले हैं।”
जरूरत पड़ी तो होर्मुज से जहाजों को एस्कॉर्ट करेंगे: ट्रंप
तेल टैंकरों को इस अहम समुद्री मार्ग से सुरक्षित पार कराने में मदद के सवाल पर ट्रंप ने कहा, “अगर जरूरत पड़ी तो हम ऐसा करेंगे। लेकिन उम्मीद है कि सब कुछ बहुत अच्छा होगा। देखते हैं आगे क्या होता है।”
पश्चिम एशिया में संघर्ष शुक्रवार को कई मोर्चों पर और तेज हो गया। अमेरिकी सेना ने इराक में एक घातक विमान दुर्घटना की पुष्टि की है, वहीं इज़राइल ने ईरान की राजधानी में ताज़ा हमलों की एक नई लहर शुरू कर दी है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि एक KC-135 स्ट्रैटोटैंकर विमान पश्चिमी इराक में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें चालक दल के चार सदस्यों की मौत हो गई।
हालांकि ईरान समर्थित गुटों के एक संयुक्त संगठन ने दावा किया है कि उन्होंने इस विमान को मार गिराया, लेकिन अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि यह दुर्घटना थी। उनके मुताबिक यह घटना “फ्रेंडली एयरस्पेस” में दो विमानों से जुड़ी दुर्घटना के कारण हुई और इसमें किसी दुश्मन की गोलीबारी की भूमिका नहीं थी।

