नीतीश कुमार 10वीं बार CM, नई सरकार गांधी मैदान में लेगी शपथ

नई सरकार में दो डिप्टी CM को लेकर संशय है, इस सरकार में 20 मंत्री शामिल होंगे; गांधी मैदान में प्रधानमंत्री और कई VVIP होंगे मौजूद, मंत्रिमंडल में बीजेपी का दबदबा मजबूत।

Update: 2025-11-19 18:10 GMT

Bihar Politics : बिहार में नई सरकार के गठन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए शासित 11 राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

नीतीश कुमार के साथ एनडीए के कई विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में दो डिप्टी मुख्यमंत्री हो भी सकते हैं भी, सम्राट चौधरी का डिप्टी सीएम बनना तय माना जा रहा है, वहीँ विजय सिन्हा को लेकर अभी स्पष्ट नहीं है कि उन्हें डिप्टी सीएम ही बनाया जायेगा या फिर मंत्री।
इस बार स्पीकर का पद भी बीजेपी के कोटे से होगा, और प्रेम कुमार के नाम पर सहमति बन गई है। बीजेपी ने 89 सीटें जीतकर राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनते हुए मंत्रिमंडल में अपनी ताकत बढ़ा ली है। जदयू के कोटे से बनने वाले मंत्रियों में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है।

20 मंत्री लेंगे शपथ 
माना जा रहा है कि नीतीश कुमार के साथ लगभग 20 अन्य मंत्री भी शपथ लेंगे। संभावित जदयू मंत्रियों में शामिल हैं: विजय कुमार चौधरी, विजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, जमा खान, रत्नेश सादा, सुनील कुमार, श्याम रजक और दामोदर रावत।

बीजेपी की संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल हैं: सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, नितिन नवीन, रेणु देवी, नीतीश मिश्र, मंगल पांडे, नीरज कुमार बबलू, संजय सरावगी, हरि साहनी और रजनीश कुमार। इसके अलावा एनडीए के घटक दलों लोजपा, HAM और राष्ट्रीय लोक मोर्चा से भी मंत्री बनाए जा सकते हैं।

बुधवार को बिहार विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुना गया। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मिलकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया।
शपथ ग्रहण समारोह सुबह 11.30 बजे गांधी मैदान में होगा। समारोह की व्यापक तैयारी की जा रही है और इसमें आमजन के साथ VVIP शामिल होंगे। मुस्लिम कोटे से जमा खान के मंत्री बनने की संभावना तय मानी जा रही है, क्योंकि वह एनडीए कोटे से इकलौते विधायक हैं।
नई सरकार का गठन राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में स्थिरता और एनडीए के मजबूत नेतृत्व को दर्शाता है।


Tags:    

Similar News