नवरात्रि में गरबा और डांडिया नाइट्स के नाम पर ऑनलाइन ठगी का खतरा!

नकली वेबसाइट और सोशल मीडिया पेज बनाकर टिकट बेचने का झांसा देते हैं। नकली कंफर्मेशन या टिकट भेजकर आपको भरोसा दिलाते हैं। जब आप इवेंट पर पहुंचते हैं, तो पता चलता है कि आपको ठगा गया है।

Update: 2025-09-22 14:23 GMT

Online Fraud On The Pretext Of Dandiya : आज से नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। नवरात्रि के मौके पर देश के विभिन्न क्षेत्रों में गरबा और डांडिया खेला जाता है। कई जगहों पर भव्य पंडालों को सजाया जाता है। इस दौरान कई लोग लोग पारंपरिक परिधानों में डांडिया और गरबा करते हुए नजर आते हैं। वहीं सोशल मीडिया पर गरबा और डांडिया नाइट्स के विज्ञापन भी देखने को मिलते हैं, जो लोगों को काफी आकर्षित करते हैं। इन विज्ञापनों में टिकट बुकिंग के लिंक्स, ऑफर्स ये सब देखने को मिलते हैं। हालांकि, इन्हीं सब के बीच जालसाजों और साइबर ठगों का गिरोह भी काफी सक्रिय हो जाता है। इन लोगों का मकसद लोगों के साथ ठगी करना होता है। कई बार देखने को मिलता है कि ये लोग फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया पर नकली पेज बनाकर टिकट बेचने का खेल करके लोगों के साथ पैसों की ठगी करते हैं।

कई लोग सोशल मीडिया पर आकर्षक गरबा या डांडिया नाइट के पेज देखकर उस पर विजिट करते हैं। इस पर विजिट करने के बाद उन्हें वेबसाइट पर रिडायरेक्ट कर दिया जाता है। वेबसाइट का डोमेन नेम या उसका लेआउट देखने में ऐसा लगता है मानों गरबा या डांडिया नाइट का किसी बड़ी इवेंट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा आयोजन कराया जा रहा है। हालांकि, ये सब जालसाजों का किया धरा होता है।

इसके अलावा इंस्टाग्राम या फेसबुक पर जो पेज होता है उस पर नकली फॉलोअर्स दिखाकर लिमिटेड सीट्स, लास्ट 100 टिकट्स जैसे फोमो क्रिएट करके लोगों को तुरंत बुकिंग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इन सब को देखकर कई बार ग्राहक झांसे में फंस जाते हैं और पेमेंट कर देते हैं।

पेमेंट करने के बाद ग्राहकों को आश्वस्त करने के लिए उन्हें बुकिंग कंफर्मेशन या नकली टिकट भेज दिया जाता है। वहीं जब ग्राहक डांडिया नाइट या गरबा के लिए संबंधित लोकेशन पर पहुंचता है तो उसे समझ आता है कि उसके साथ तो धोखा हो गया है। बीते वर्षों में इस तरह के कई फ्रॉड सामने निकलकर आए हैं।

आपको डांडिया या गरबा नाइट का टिकट खरीदते समय काफी सतर्कता बरतनी चाहिए। आप जब भी किसी वेबसाइट पर विजिट करें तो उसका डोमेन नेम अच्छे से चेक करें। आयोजक से जुड़ी जानकारी को क्रॉस चेक करें और उसकी विश्वसनीयता को जांचें। पेमेंट करते समय केवल भरोसेमंद पेमेंट गेटवे से ही लेन-देन करें।


Tags:    

Similar News