दिल्ली विधानसभा चुनाव में अमित शाह ने किया बीजेपी का घोषणा पत्र जारी, केजरीवाल को घेरा
अमित शाह ने भाजपा के घोषणा पत्र की तीसरी श्रंखला को जारी करते हुए कई वादे किये। उन्होंने इसे घोषण पत्र न कह कर कार्य सूची की संज्ञा दी।;
By : Abhishek Rawat
Update: 2025-01-25 12:04 GMT
Delhi Assembly Elections 2025 : दिल्ली विधानसभा चुनाव अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है। यही वजह है कि सभी राजनितिक दलों ने जनता के साथ संवाद को बढ़ा दिया है और वादों की भी झड़ी लगा दी है। इसी क्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का 'संकल्प पत्र' (घोषणापत्र) पार्ट-3 जारी किया। अमित शाह ने इसे घोषणा पत्र नहीं बल्कि "काम की सूची" करार दिया और कहा कि ये झूठे वादों पर आधारित नहीं है, बल्कि इसमें जनता की जरूरतों और सुझावों को शामिल किया गया है।
संकल्प पत्र तैयार करने की प्रक्रिया
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दावा किया कि घोषणापत्र तैयार करने के लिए दिल्ली बीजेपी ने महिलाओं, युवाओं, मजदूरों, व्यापारियों और झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के साथ परामर्श किया।
1.08 लाख लोगों ने सुझाव दिए।
62 समूह बैठकों का आयोजन किया गया।
पार्टी ने कहा कि यह घोषणापत्र जनता के विचारों और जरूरतों पर आधारित है।
संकल्प पत्र के प्रमुख बिंदु
महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाएं:
1. हर जरुरतमंद/गरीब महिला को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक मदद दी जाएगी।
2. गर्भवती महिलाओं को ₹21,000 की आर्थिक सहायता और 6 पोषण किट मिलेंगी।
3. एलपीजी सिलेंडर ₹500 में उपलब्ध कराया जाएगा।
4. होली और दिवाली पर हर परिवार को एक-एक मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य और शिक्षा:
1. आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज पहली कैबिनेट बैठक में लागू किया जाएगा।
2. दिल्ली सरकार ₹5 लाख का अतिरिक्त मुफ्त इलाज देगी, जिससे कुल ₹10 लाख तक का इलाज मुफ्त होगा।
3. छात्रों को मेट्रो में मुफ्त यात्रा के लिए एनसीएमसी कार्ड में ₹4,000/साल का प्रावधान।
युवा और रोजगार:
1. 50,000 सरकारी नौकरियां दी जाएंगी।
2. 20 लाख रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे।
3. निर्माण श्रमिकों को ₹10,000 का टूलकिट प्रोत्साहन और ₹3 लाख तक का ऋण।
व्यापारी और श्रमिकों के लिए राहत:
1. गिग वर्कर्स और टेक्सटाइल वर्कर्स को ₹10 लाख का जीवन बीमा और ₹5 लाख का दुर्घटना बीमा।
2. 13,000 सील की गई दुकानों को छह महीने के भीतर खोला जाएगा।
3. अवैध कॉलोनियों में रहने वालों को पूर्ण मालिकाना हक दिया जाएगा।
पर्यावरण और यमुना का विकास:
1. यमुना नदी को पुनर्जीवित किया जाएगा।
2. यमुना रिवर फ्रंट विकसित किया जाएगा।
3. मैनुअल स्कैवेंजिंग को 100% समाप्त किया जाएगा।
ट्रांसपोर्ट और आधारभूत ढांचा:
1. ₹20,000 करोड़ के निवेश से एकीकृत पब्लिक ट्रांसपोर्ट नेटवर्क बनाया जाएगा।
2. दिल्ली को 100% ई-बस सिटी बनाया जाएगा।
3. मेट्रो फेज-4 का काम जल्द पूरा किया जाएगा और मेट्रो व बसें 24x7 उपलब्ध होंगी।
संस्कृति और विरासत का विकास:
1. भव्य महाभारत कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल पर तीखे हमले
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी (AAP) और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए शराब घोटाले और दलित उपमुख्यमंत्री न बनाए जाने परभी केजरीवाल को घेरा।
1. "केजरीवाल ने रिहायशी इलाकों में शराब की दुकानों को बंद करने का वादा किया था, लेकिन इसके उलट स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारों के पास लाइसेंस जारी किए।"
2. "दिल्ली में हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला हुआ, जिसमें उनके शिक्षा मंत्री शामिल थे।"
3. "केजरीवाल ने दलित उपमुख्यमंत्री का वादा किया था, लेकिन 10 साल बाद भी इसे पूरा नहीं किया।"
भाजपा के वादे और विपक्ष पर वार
अमित शाह ने कहा कि बीजेपी का घोषणापत्र केवल वादों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे एक "कार्य योजना" के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 9 सालों में "काम की राजनीति" को प्राथमिकता दी है।
बीजेपी के इस घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, मजदूरों, व्यापारियों, और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए कई योजनाओं का वादा किया गया है। पार्टी ने दिल्ली को एक नई दिशा देने और आम आदमी पार्टी की नीतियों की विफलता को उजागर करने पर जोर दिया है।