पिछले 11 साल से दिल्ली झेल रही है झूठे वादे और प्रशासनिक अराजकता : विजेंद्र गुप्ता

रोहिणी इलाके में पचार प्रसार के दौरान नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने न तो वादे पूरे किये और न ही भ्रष्टाचार को ख़त्म किया।;

Update: 2025-02-02 16:40 GMT

Delhi Assembly Elections 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार प्रसार अंतिम दौर में है। सोमवार शाम को प्रचार प्रसार थम जायेगा। इस बीच दिल्ली विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में दिल्ली को केवल झूठे वादे, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अराजकता का सामना करना पड़ा है। उन्होंने मोहल्ला क्लीनिक की प्रचारित योजनाओं और सरकारी अस्पतालों की बिगड़ी स्थिति, सरकारी स्कूलों की खराब हालत, और यमुना नदी की सफाई को लेकर केजरीवाल सरकार की नाकामियों को उजागर किया।

गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को अब झूठे वादों और भ्रष्टाचार की सरकार नहीं, बल्कि एक मजबूत और पारदर्शी सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जो विकास हुआ है, वही दिल्ली में भी लागू किया जाएगा।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और रोहिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी विजेंद्र गुप्ता ने आज रोहिणी सेक्टर-13 में एक विशाल पदयात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा केनरा अपार्टमेंट से शुरू होकर एकलव्य अपार्टमेंट पर समाप्त हुई। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।
पदयात्रा के दौरान स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने गुप्ता का गर्मजोशी से स्वागत किया और भाजपा को समर्थन देने का संकल्प लिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी "अबकी बार, भाजपा सरकार" के नारों के साथ चुनाव में पार्टी को ऐतिहासिक जीत दिलाने का संकल्प लिया।


Tags:    

Similar News