साफगोई और बेबाकी की आवाज़ शांत, सत्यपाल मलिक नहीं रहे
जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का लंबी बीमारी के बाद दिल्ली में निधन हो गया। अनुच्छेद 370 हटाने के समय वह राज्यपाल पद पर थे।;
Satyapal Malik Death News: जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में अंतिम सांस ली। सत्यपाल मलिक 77 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक के निजी सचिव पी.एस. राणा ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका इलाज दिल्ली में चल रहा था। मलिक अपने अंतिम वर्षों में नरेंद्र मोदी सरकार के कड़े आलोचक बन गए थे। किसान आंदोलन के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार पर खुलकर हमला बोला था।
सत्यपाल मलिक ने अपने राजनीतिक करियर में कई राज्यों के राज्यपाल के रूप में कार्य किया, जिनमें जम्मू-कश्मीर, गोवा, बिहार और मेघालय शामिल हैं। अगस्त 2019 में उनके कार्यकाल के दौरान ही जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की ऐतिहासिक घोषणा हुई थी।उनके निधन पर कई राजनीतिक नेताओं और हस्तियों ने शोक व्यक्त किया है और उन्हें एक साफ़गोई से बोलने वाले निर्भीक प्रशासक के रूप में याद किया है।