अब प्रतीक शर्मा को उत्तरी कमांड की जिम्मेदारी, पहलगाम हमले के बाद बड़ा फैसला

पहलगाम आतंकी हमले के बीच रक्षा मंत्रालय ने बड़ा फैसला किया है। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को उत्तरी कमांड का कमांडर इन चीफ बनाया गया है।;

Update: 2025-04-29 00:47 GMT
पहलगाम हमले के बाद लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को उत्तरी कमांड की जिम्मेदारी दी गई है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच भारतीय सेना के उप प्रमुख (रणनीति) लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा को उधमपुर स्थित सेना की उत्तरी कमान का नया कमांडर-इन-चीफ नियुक्त किया गया है। सरकार ने सोमवार को उनकी नियुक्ति को औपचारिक मंजूरी दे दी।

उत्तरी कमान जम्मू-कश्मीर और लद्दाख क्षेत्रों में पाकिस्तान और चीन के खिलाफ सभी सैन्य अभियानों का नेतृत्व करती है। हाल ही में पहलगाम हमले के बाद लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा सेना प्रमुख के साथ श्रीनगर गए थे, जो उनकी सक्रिय भूमिका और जिम्मेदारी को दर्शाता है।

समृद्ध सैन्य करियर

लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने अपने तीन दशक से भी अधिक लंबे सैन्य करियर में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने महानिदेशक सैन्य संचालन (DGMO), मिलिट्री सेक्रेटरी ब्रांच और हाल ही में सेना मुख्यालय में स्थापित सूचना निदेशालय (Information Warfare) के महानिदेशक के रूप में सेवाएं दी हैं।

वे लेफ्टिनेंट जनरल एमवी सुचिन्द्र कुमार का स्थान लेंगे, जो फरवरी 2024 में लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बाद उत्तरी कमान के प्रमुख बने थे और अब सेवानिवृत्त हो रहे हैं। प्रतीक शर्मा एक अनुभवी इन्फैंट्री अधिकारी हैं और अपने करियर में विभिन्न युद्ध अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं।

महत्वपूर्ण अभियानों में भूमिका

लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने ऑपरेशन पवन (श्रीलंका में भारतीय शांति सेना अभियान), ऑपरेशन मेघदूत (सियाचिन में तैनाती), ऑपरेशन रक्षक (जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियान) और ऑपरेशन पराक्रम (2001 संसद हमले के बाद सीमा पर तैनाती) जैसे अभियानों में अहम भूमिकाएं निभाई हैं।

रणनीतिक मोर्चे पर बढ़ी जिम्मेदारी

उनकी नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा चुनौतियां बढ़ गई हैं और उत्तरी कमान का सामरिक महत्व और भी बढ़ गया है। लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में उत्तरी कमान से सुरक्षा के मोर्चे पर मजबूती आने की उम्मीद है।

Tags:    

Similar News