न नौकरी, न न्याय, सिर्फ डर और असमानता, खड़गे का मोदी राज पर हमला
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मोदी सरकार पर 11 साल में लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। मणिपुर हिंसा को असफलता का प्रतीक बताया।;
यही तो सियासत है जिसे सत्ता पक्ष बुलंद भारत के लिए कड़े फैसले मानता है, उसे विपक्ष एक सिरे से खारिज कर देता है। अब आप देख सकते हैं मोदी सरकार 11साल का जश्न मना रही है वहीं तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक पोस्ट में कहा कि बीते 11 वर्षों में देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं, आर्थिक संरचना और सामाजिक सौहार्द को व्यवस्थित ढंग से कमजोर किया गया है।
'संविधान के हर पन्ने पर तानाशाही की स्याही'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर लिखा, "इन 11 वर्षों में मोदी सरकार ने संविधान की हर पन्नी पर तानाशाही की स्याही पोत दी है। भाजपा-आरएसएस ने हर संवैधानिक संस्था की स्वायत्तता पर हमला किया है। उन्होंने कहा कि जनता की इच्छा के खिलाफ सरकारें गिराना, एकदलीय शासन थोपना और राज्यों के अधिकारों की उपेक्षा करना मोदी राज की पहचान बन चुका है। खड़गे ने दावा किया कि भारत का संघीय ढांचा गंभीर रूप से कमजोर हो गया है।
'अर्थव्यवस्था को भी नहीं बख्शा गया'
खड़गे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के तहत भारत की आर्थिक स्थिति बुरी तरह कमजोर हुई है। उन्होंने कहा, "जिस भारत की जीडीपी विकास दर यूपीए के समय औसतन 8% थी, उसे भाजपा-आरएसएस ने 5-6% पर रोक दिया है। हर साल 2 करोड़ नौकरियों का वादा किया गया था, लेकिन हकीकत में करोड़ों युवाओं से रोजगार छीन लिया गया। महंगाई और असमानता पर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 50 वर्षों में घरेलू बचत सबसे निचले स्तर पर है और पिछले 100 वर्षों में आर्थिक विषमता सबसे अधिक है।
‘मनमाने फैसलों से करोड़ों का भविष्य बर्बाद'
खड़गे ने नोटबंदी, गलत जीएसटी लागू करने, बिना योजना के लॉकडाउन और असंगठित क्षेत्र पर हमलों को करोड़ों लोगों के भविष्य को बर्बाद करने वाला करार दिया। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, नमामि गंगे और 100 स्मार्ट सिटी जैसी योजनाएं पूरी तरह विफल रही हैं। रेलवे की स्थिति बदहाल हो गई है और कांग्रेस-यूपीए के जमाने में बनी बुनियादी संरचनाओं के सिर्फ फीते काटे गए हैं।”
दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों पर बढ़ा उत्पीड़न
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और कमजोर वर्गों के खिलाफ उत्पीड़न और भेदभाव बढ़ा है। उन्होंने लिखा, "इन वर्गों को आरक्षण और समान अधिकारों से वंचित करने की साजिशें लगातार चल रही हैं। मणिपुर में अब तक जारी हिंसा भाजपा के प्रशासनिक फेल्योर का सबसे बड़ा प्रमाण है।
बीजेपी का पलटवार भारत वैश्विक शक्ति बना
वहीं, भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए मोदी सरकार के 11 वर्षों को विकास, वैश्विक प्रतिष्ठा और स्थिरता का प्रतीक बताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि जलवायु परिवर्तन और डिजिटल इनोवेशन जैसे मुद्दों पर एक प्रमुख वैश्विक आवाज भी बन चुका है। जहां एक ओर कांग्रेस मोदी सरकार को लोकतंत्र, अर्थव्यवस्था और सामाजिक एकता का विनाशक बता रही है, भाजपा इसे विकास और नेतृत्व की नई ऊंचाइयों” का दौर मान रही है। मोदी सरकार के 11 साल पर राजनीतिक बयानबाज़ी और असहमति की रेखाएं अब पहले से कहीं ज़्यादा स्पष्ट नज़र आ रही हैं।