पहलगाम के गुनहगारों को बख्शेंगे नहीं, मन की बात में पीएम की बड़ी बातें

मन की बात के 121वें एपिसोड में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ देश एकजुट है। इस कायरान हमले का जवाब जरूर दिया जाएगा।;

Update: 2025-04-27 07:06 GMT
मन की बात में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहलगाम के गुनहगारों को सबक सिखाया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 121वें एपिसोड में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि इस हमले में लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है और भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार है।

आतंकियों की कायरता और हताशा का प्रमाण

पीएम मोदी ने कहा, "पहलगाम का आतंकी हमला आतंक के सरपरस्तों की निराशा और कायरता को दिखाता है। जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में नई ऊर्जा दिख रही थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा था और युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे थे, तब जम्मू-कश्मीर और भारत के दुश्मनों को यह विकास स्वीकार नहीं हुआ। आतंकवादी कश्मीर को फिर से बर्बाद करना चाहते हैं।"

पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा

प्रधानमंत्री ने आश्वस्त किया कि हमले के पीड़ितों को न्याय अवश्य मिलेगा। उन्होंने कहा, "मेरे दिल को इस हमले से गहरी चोट पहुंची है। भारत का हर नागरिक पीड़ित परिवारों के साथ गहरी संवेदना रखता है और हम सभी न्याय की लड़ाई में उनके साथ हैं। दोषियों और साजिशकर्ताओं को कठोरतम सजा दी जाएगी।"

देश की एकता सबसे बड़ी ताकत

पीएम मोदी ने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ इस निर्णायक लड़ाई में 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हमें अपने संकल्प को और मजबूत करना होगा। यही एकता हमें हर चुनौती से जीत दिलाएगी।"

भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियां भी रहीं चर्चा में

'मन की बात' में प्रधानमंत्री ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत अब अंतरिक्ष क्षेत्र में एक बड़ी ताकत बन चुका है। 104 सैटेलाइट्स को एक साथ लॉन्च कर विश्व रिकॉर्ड बनाने से लेकर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सफलता तक, भारत ने अभूतपूर्व ऊंचाइयां छुई हैं। अब गगनयान मिशन, SpaDeX, चंद्रयान-4, वीनस ऑर्बिटर और मार्स लैंडर मिशन की तैयारियाँ चल रही हैं।

'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना के साथ मदद

प्रधानमंत्री ने म्यांमार में आए हालिया भूकंप का भी उल्लेख किया और बताया कि भारत ने 'ऑपरेशन ब्रह्मा' के माध्यम से त्वरित मदद पहुँचाई। उन्होंने कहा, "भारत 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना में विश्वास रखता है और जब भी मानवता की सेवा करने का अवसर आता है, भारत सबसे आगे रहता है।"

Tags:    

Similar News