हिमाचल प्रदेश में यात्री बस के ऊपर गिरा पहाड़ का एक हिस्सा, बस में सवार 18 लोगों की मौत

ये भयानक भूस्खलन हुआ हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में। एक प्राइवेट बस पर शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबा गिरने से बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची।

Update: 2025-10-07 16:02 GMT
यात्री बस की छत पर भूस्खलन का मलबा गिर गया जिसमें कई लोग दब गए

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम भारी बारिश से भूस्खलन के कारण एक निजी बस पर बड़े पत्थर गिरने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई।

अधिकारियों के अनुसार, जंडुता उपखंड के बालूघाट इलाके में बारिश से भूस्खलन के बाद बस पर पत्थर गिरने से 18 शव अब तक बरामद किए गए हैं।

बिलासपुर में मरोतन से घुमारवीं जा रही संतोषी निजी बस पर शुक्र खड्ड के किनारे बरठीं में भल्लू पुल के पास पहाड़ी से भूस्खलन का मलबा गिर गया। मलबा गिरने से बस की छत उड़कर खड्ड के किनारे जा पहुंची। वहीं सारा मलबा बस पर आ गया। जिससे बस पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई।

ऐसा बताया जा रहा है कि बस में लगभग 35 यात्री सवार थे। बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

हादसे से चार लोगों, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं, को सुरक्षित निकाला गया। पुलिस के अनुसार, यह हादसा लगभग शाम 6:30 बजे हुआ जब मरोतन से घुमारवी जा रही बस पर पहाड़ का एक हिस्सा गिर गया। बस पूरी तरह से मलबे और पत्थरों से दब गई।

राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य कर रही हैं, जो देर रात तक जारी रहा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने इस दुखद हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री लगातार जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य को और तेज करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि घायल लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके उपचार के पर्याप्त प्रबंध किए जाएं। मुख्यमंत्री लगातार शिमला से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बिलासपुर में 7 अक्टूबर को 12.7 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Tags:    

Similar News