पीएम मोदी के लिए छठ पर यमुना किनारे तैयार किया गया 'गंगा जल का घाट' : आप
दिल्ली में छठ पूजा के दौरान प्रदूषित पानी से गुजरते श्रद्धालुओं के बीच प्रधानमंत्री मोदी के लिए बनाए गए 'नकली' यमुना घाट पर आप और भाजपा के बीच जुबानी जंग.
By : The Federal
Update: 2025-10-26 18:03 GMT
Politics On Chhath : दिल्ली में छठ पूजा के बीच आप (AAP) और भाजपा (BJP) के बीच यमुना घाट को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक “फेक यमुना घाट” बनाया गया है, जिसमें फिल्टर्ड पानी भरा गया है, जबकि श्रद्धालु प्रदूषित यमुना में खड़े होकर पूजा कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को “राजनीतिक हताशा का शर्मनाक उदाहरण” बताया और कहा कि आप नेताओं का आरोप लगाना “लोकतांत्रिक नौटंकी” से ज्यादा कुछ नहीं है।
AAP का आरोप : “भक्तों के साथ धोखा, बीजेपी बना रही फेक घाट”
आप की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि “दिल्ली में लाखों पूर्वांचलियों की जान के साथ खेला जा रहा है। सत्ता पाने की हताशा में भाजपा ने पीएम मोदी के लिए वसुदेव घाट पर फिल्टर्ड पानी से बना नकली घाट तैयार किया है, जबकि बाकी श्रद्धालु झागदार, जहरीली यमुना में खड़े होकर पूजा कर रहे हैं।”
उन्होंने दावा किया कि घाट पर डाला गया पानी वजीराबाद जल शोधन संयंत्र (Wazirabad Water Treatment Plant) की पाइपलाइन से लिया गया है, जो दिल्ली को पीने का पानी सप्लाई करती है।
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा कि अब दिल्ली के जल मंत्री परवेश वर्मा वही केमिकल यमुना में डाल रहे हैं, जिसके इस्तेमाल पर वे पहले आप सरकार को गाली देते थे और अफसरों के साथ दुर्व्यवहार करते थे।
भारद्वाज ने ये भी कहा कि “भाजपा हजार झूठ बोल रही है ताकि यमुना की सच्चाई छिप सके। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति खुद मानती है कि यह पानी गंभीर बीमारियां फैला सकता है, फिर भी भाजपा नेता फोटो-ऑप कर रहे हैं और झाग छिपाने के लिए रसायन छिड़क रहे हैं”।
BJP का पलटवार : “AAP की राजनीतिक हताशा उजागर”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विरेंद्र सचदेवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आम आदमी पार्टी के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि “आज देश ने आम आदमी पार्टी की राजनीतिक हताशा का शर्मनाक मॉडल देखा। सौरभ भारद्वाज जैसे नेता प्राकृतिक वसुदेव घाट की सफाई और वहां स्वच्छ पानी की उपलब्धता पर आपत्ति जता रहे हैं, यह अब तक का सबसे अजीब राजनीतिक ड्रामा है।”
सचदेवा ने कहा कि 2018 से 2024 तक पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना किनारे छठ पूजा पर प्रतिबंध लगाया था, लेकिन अब जब रेखा गुप्ता सरकार ने आठ महीनों में घाटों की सफाई कर उन्हें श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराया है, तब आप “बेवजह शोर मचा रही है।”