बिहार विधानसभा चुनाव 2025 : तरारी सीट पर कौन-किस पर भारी?

बिहार की विधानसभा सीटों से जुड़ी खास सीरीज ‘सीट का समीकरण’ में आज बात तरारी सीट की करेंगे। इस सीट पर 2024 में हुए उपचुनाव में भाजपा के विशाल प्रशांत जीते थे।

Update: 2025-10-22 13:58 GMT
तरारी सीट पर पिछले तीन में से दो चुनाव भाकपा-माले तो एक में भाजपा को मिली जीत

बिहार में विधानसभा चुनाव का नामांकन चरण समाप्त हो गया है। पहले चरण के लिए किन सीटों पर कौन-कौन मुकाबले में है, यह भी तय हो गया है। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। इसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि बिहार विधानसभा के लिए कुल कितने उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस सियासी हलचल के बीच आज हम तरारी विधानसभा सीट पर नजर डालेंगे।

तरारी विधानसभा सीट का हाल

तरारी सीट पर पहले चरण में मतदान होना है। इस सीट पर कुल 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। भाजपा ने मौजूदा विधायक विशाल प्रशांत को फिर से उम्मीदवार बनाया गया है। महागठबंधन से भाकपा (माले) के मदन सिंह मैदान में हैं।

जबकि जनसुराज पार्टी ने चंद्रशेखर सिंह को टिकट दिया है। वहीं जनशक्ति जनता दल यानी तेज प्रताप यादव की पार्टी ने सिकंदर कुमार को मैदान में उतारा है।

भोजपुर जिला और तरारी सीट

बिहार के 38 जिलों में से एक जिला भोजपुर है। यह जिला तीन अनुमंडल और 14 ब्लॉक में बंटा है। भोजपुर जिले में 7 विधानसभा सीटें हैं- संदेश, बड़हरा, आरा, अगिआंव (एससी),  तरारी, जगदीशपुर और शाहपुर।

जहां तक तरारी विधानसभा सीट की बात है तो तरारी सीट से पहला चुनाव साल 2010 में हुआ था।

पिछली चुनावी जीत

2010 में यहां से जदयू के नरेंद्र कुमार को जीत हासिल हुई थी। नरेंद्र कुमार ने राजद के अदीब रिजवी को 14,320 वोट से हराया था। नरेंद्र कुमार को कुल वोट मिले थे 48,413 जबकि अदीब रिजवी को मिले थे 34,093 वोट।

2015 में भाकपा (माले) के सुदामा प्रसाद को जीत मिली। सुदामा प्रसाद ने लोजपा की गीता पांडे को केवल 272 वोट से हराया। सुदामा प्रसाद को कुल वोट मिल 44,050 | जबकि गीता पांडे के हिस्से आए 43,778 वोट।

2020 के चुनाव में सुदामा प्रसाद की जीत हुई थी। इस बार सुदामा प्रसाद ने निर्दलीय नरेंद्र पांडे को 11,015 वोट से हराया। सुदामा प्रसाद को मिले– 73,945 वोट जबकि नरेंद्र पांडे को मिले – 62,930 वोट।

2024: भाजपा में इस सीट पर उपचुनाव हुआ और विशाल प्रशांत को जीत हासिल हुई। उपचुनाव इसलिए हुआ था क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनाव में सुदामा प्रसाद को आरा सीट से जीत मिली थी। इसके बाद तरारी सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।

इसमें भाजपा के विशाल प्रशांत को जीत मिली। विशाल प्रशांत ने भाकपा (माले) के राजू यादव को 10,507 वोट  से हराया।  विशाल प्रशांत को कुल वोट पड़े– 78,564 | जबकि राजू यादव को मिले – 68,057 वोट।

बिहार में चुनाव की तारीखें

बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान होगा:

पहला चरण: 6 नवंबर 2025 (121 सीटें) जबकि दूसरा चरण: 11 नवंबर 2025 (122 सीटें)।  चुनाव के नतीजे आएंगे 14 नवंबर 2025 को।

इस बार बिहार में कुल 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें लगभग 14 लाख नए मतदाता शामिल हैं।

पहले चरण में मतदान वाले जिले

मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर

दूसरे चरण में मतदान वाले जिले

पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई।

Tags:    

Similar News