हिमानी मर्डर केस के बाद हरियाणा में सियासी उबाल, उच्चस्तरीय जांच की मांग

हरियाणा की सियासत में हिमानी नरवाल मर्डर केस छाया हुआ है। पुलिस अभी कुछ साफ तौर पर नहीं कह रही है वहीं कांग्रेस ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की।;

By :  Lalit Rai
Update: 2025-03-02 08:40 GMT

हिमानी नरवाल अब इस दुनिया में नहीं है। वैसे तो हरियाणा में ये रागिनी गायिका के तौर पर मशहूर थीं। लेकिन सुर्खियों में तब आईं जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ीं। हरियाणा के रोहतक जिल में सांपला बस स्टैंड के पास उनके शव को बरामद किया गया। नीले रंग के सूटकेस पर किसी राहगीर की नजर पड़ी और उसने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, सूटकेस को खोला गया। उसके अंदर शव देख हर कोई हैरान रह गया। पहले यह नहीं पता चला कि यह शव किसका है। बाद में विधायक बी बी बत्रा ने शव का पहचान हिमानी नरवाल के तौर पर की।

रोहतक पुलिस का कहना है कि अभी पुख्ता तौर पर हत्या की वजह के बारे में नहीं कहा जा सकता। लेकिन सियासी तौर पर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो चुका है। कांग्रेस के नेताओं ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। इन सबके बीच मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हिमानी नरवाल की मां से राजनीतिक रंजिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कम उम्र में उनकी बेटी की कामयाबी से कुछ लोग चिढ़ते थे। उनकी बेटी का सियासत में आना कुछ लोगों को पसंद नहीं था। भारत जोड़ो यात्रा में जब रोहतक में राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिला श्रीनगर पहुंची तो यह सब कुछ लोगों को खराब लगा। कुछ लोग उनकी बेटी से कंप्रोमाइज की भी बात करते थे। लेकिन उनकी बेटी स्पष्टवादी थी। वो कहती थी कि साफ सुथरी राजनीति ही उसका मकसद है। इसे लेकर उसकी झड़प भी होती थी। लेकिन उन्हें नहीं पता था उनकी बेटी को अंजाम इतना बुरा होगा।

साम्पला थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया,"जब मैंने सूटकेस खोला, तो अंदर एक युवती का शव था, जिस पर चोट के निशान थे। हमने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचित किया। शव को पीजीआईएमएस (PGIMS) भेजा गया और पहचान के बाद मृतका की शिनाख्त कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में हुई।"

"बर्बर हत्या, सरकार सख्त कार्रवाई करे" – भूपेंद्र सिंह हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिमानी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा,"रोहतक में सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की नृशंस हत्या की खबर अत्यंत दुखद और स्तब्ध करने वाली है।"उन्होंने आगे कहा कि *"एक लड़की की इस तरह से हत्या कर उसका शव सूटकेस में मिलना, राज्य की कानून व्यवस्था पर एक कलंक है। इस मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और सरकार को दोषियों को कठोरतम सजा दिलानी चाहिए।"

एसआईटी से जांच की मांग

कांग्रेस विधायक भरत भूषण बत्रा ने रोहतक पुलिस अधीक्षक से विशेष जांच दल (SIT) गठित करने की मांग की, ताकि जल्द से जल्द न्याय मिल सके। उन्होंने कहा,"दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।"

पुलिस जांच जारी, हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

साम्पला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 238(a) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि हत्यारों का पता लगाया जा सके।

पुलिस के अनुसार,हिमानी के हाथों पर मेहंदी लगी थी और गले पर कसकर बंधा हुआ दुपट्टा मिला।प्रारंभिक जांच के अनुसार, पहले हिमानी की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर शव को सूटकेस में डालकर बस स्टॉप पर फेंक दिया गया।

कांग्रेस ने उठाए सवाल, हिमानी थी पार्टी की सक्रिय कार्यकर्ता

कांग्रेस के पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने हिमानी को याद करते हुए कहा कि "वह रोहतक रूरल में युवा कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष थीं और उन्होंने अपनी सभी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाया। भारत जोड़ो यात्रा से लेकर हर संगठनात्मक कार्यक्रम में उनकी अहम भूमिका रही।"

कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने भी पुलिस से गंभीर जांच की मांग करते हुए कहा कि हिमानी 2024 हरियाणा विधानसभा चुनावों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के लिए चुनाव प्रचार का अहम हिस्सा थीं।

हिमानी नरवाल कौन थीं?

  • रोहतक युवा कांग्रेस की पदाधिकारी
  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाई
  • हरियाणा की राजनीति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय
  • सोनीपत के कथूरा गांव की निवासी, लेकिन शिवाजी कॉलोनी, रोहतक में किराये पर रहती थीं
  • उनकी मां और भाई नजफगढ़, दिल्ली में रहते हैं

हत्या से सियासी हलचल

हिमानी नरवाल की हत्या ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। कांग्रेस ने इसे हरियाणा सरकार की विफलता करार देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Tags:    

Similar News