एक दशक तक डर का नाम रहा मनोजीत, अब खुली दरिंदगी की पोल
कोलकाता लॉ कॉलेज में छात्रा से गैंगरेप मामले में मुख्य आरोपी मनोजीत पर 15 लड़कियों को शिकार बनाने का आरोप है। मेडिकल रिपोर्ट से पुष्टि भी हुई है हालांकि जांच जारी है।;
Kolkata Gangrape Case: कोलकाता के प्रतिष्ठित लॉ कॉलेज में छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, आरोपी मनोजीत मिश्रा की करतूतों की परतें खुलती जा रही हैं। अब तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोजीत बीते एक दशक से कॉलेज परिसर में डर और दहशत का पर्याय बन चुका था। उसके खिलाफ राज्य के कई थानों में केस दर्ज हैं और करीब 15 छात्राएं उसकी शिकार बन चुकी हैं, लेकिन राजनीतिक संरक्षण के चलते चुप रहना पड़ा।
गैंगरेप के बाद हुआ बड़ा खुलासा
25 जून को कॉलेज परिसर में स्थित सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना सामने आई। इसी घटना ने मनोजीत मिश्रा और उसके दो साथियों जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी के खिलाफ जांच की शुरुआत की। मेडिकल रिपोर्ट ने इस आरोप की पुष्टि की कि पीड़िता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। साथ ही आरोपियों के शरीर पर खरोंच और दांत के निशान मिले हैं, जो पीड़िता के विरोध का प्रमाण हैं।
उपप्राचार्य से घटना के बाद की गई थी बात
जांच कर रही एसआईटी ने पाया कि घटना के अगले ही दिन मुख्य आरोपी मनोजीत ने कॉलेज की उपप्राचार्य डॉ. नयना चटर्जी से बातचीत की थी। पुलिस ने अब तक उनसे दो बार पूछताछ की है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि यह कॉल किस संदर्भ में की गई थी।
रिमांड बढ़ी, चौथे आरोपी की गिरफ्तारी
मनोजीत, जैब अहमद और प्रमित मुखर्जी को 27 जून को गिरफ्तार किया गया। अदालत ने उनकी पुलिस रिमांड 8 जुलाई तक बढ़ा दी है। चौथे आरोपी, पिनाकी बनर्जी जो घटना के समय सिक्योरिटी गार्ड था। उसे भी गिरफ्तार किया गया और उसकी हिरासत 4 जुलाई तक बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि केस की कई कड़ियां अभी भी जुड़नी बाकी हैं।
कोर्ट में वकीलों का हंगामा
सुनवाई के दौरान अदालत में उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब सैकड़ों वकील बिना अनुमति कोर्ट में घुस आए। दो पक्षों में तीखी बहस हुई। एक पक्ष आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहा था, तो दूसरे ने निष्पक्ष जांच की मांग की।
मेडिकल स्टोर की CCTV फुटेज से मिली पुष्टि
जांच में सामने आया है कि जैब अहमद ने मेडिकल स्टोर से पीड़िता के लिए इनहेलर खरीदा था। पीड़िता की शिकायत में इसका उल्लेख है कि जब गैंगरेप के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ी, तो जैब ने इनहेलर लाकर दिया। लेकिन इसके बाद भी उसे यातना दी गई। इस इनहेलर की खरीद की पुष्टि CCTV फुटेज से हुई है।
पुराने ट्रिप में भी की थी छेड़छाड़
एक अन्य छात्रा ने इंडिया टुडे से बातचीत में आरोप लगाया कि दो साल पहले कॉलेज की एजुकेशनल ट्रिप के दौरान मनोजीत ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर उसे धमकाया गया और पीटा भी गया। आरोप है कि मनोजीत को किसी विधायक का संरक्षण प्राप्त है, इसलिए कॉलेज प्रशासन भी उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं करता।
15 से अधिक छात्राओं को बनाया शिकार
पीड़िता ने दावा किया है कि मनोजीत अब तक कम से कम 15 लड़कियों को अपना शिकार बना चुका है। कॉलेज प्रशासन को कई बार लिखित शिकायत दी गई, लेकिन कभी कार्रवाई नहीं हुई। उल्टा शिकायत करने वाली लड़कियों को ही दोषी ठहरा दिया गया।