हरियाणा-पंजाब भीगा, दिल्ली में अब भी बादलों की खामोशी, अनुमान फिर गलत
दिल्ली में मॉनसून की एंट्री एक बार फिर टलती नजर आ रही है। छह बार मौसम विभाग के अनुमान फेल हुए। अब भी राजधानी पहले मानसूनी बारिश के इंतजार में है।;
दिल्ली के आसामन में बादल आते तो हैं लेकिन तफरी कर चले जाते हैं। काले काले मेघ डराते हैं लेकिन वो डर चिपचिपी गर्मी से कम लगती है। इस समय दिल्ली भीषण गर्मी और उमस से बेहाल है, लेकिन मानसून अब तक यहां दस्तक नहीं दे सका है। मौसम विभाग की तमाम भविष्यवाणियां फेल हो चुकी हैं। पहले 25 जून, फिर 22 जून और उसके बाद हर दो-तीन दिन में मानसून की दिल्ली में एंट्री का अनुमान जताया गया, लेकिन अभी तक राजधानी में एक बूंद भी ढंग की बारिश नहीं हुई है।
मौसम विभाग के छह अनुमान हो चुके हैं गलत
अब तक दिल्ली में मानसून को लेकर मौसम विभाग के छह अलग-अलग अनुमान गलत साबित हो चुके हैं। हर बार 36 घंटे, 72 घंटे या तीन दिन का इंतजार बताया गया, लेकिन आसमान से राहत की एक बूंद नहीं टपकी। इस बार देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून समय से पहले पहुंचा, लेकिन दिल्ली अब भी पहली बारिश के लिए तरस रही है।
बादलों के बावजूद क्यों नहीं हो रही बारिश?
प्राइवेट एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में बादल, नमी और हवाओं जैसी सभी परिस्थितियां मौजूद हैं, लेकिन मानसूनी हवाएं उत्तराखंड की तराई और अरावली के बीच फंसी हुई हैं। इसी वजह से उनका असर दिल्ली तक नहीं पहुंच पा रहा। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों तरफ चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं, लेकिन इनसे जुड़ी ट्रफ रेखा दिल्ली से काफी दक्षिण में स्थित है।
धीमी लेकिन स्थिर शुरुआत के संकेत
उत्तर पाकिस्तान और पंजाब के पास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो ट्रफ को दिल्ली की ओर खींचने की कोशिश कर रहा है। इसके कारण आज हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 27 से 29 जून के बीच बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है, खासकर 28 जून को अच्छी बारिश हो सकती है। हालांकि, कोई मजबूत मौसमी हालात ना बनने से मानसूनी हवाएं अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हैं।
तापमान और मौसम पूर्वानुमान
गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। शुक्रवार को आंशिक बादल छाए रहने और हल्की बारिश के साथ आंधी की संभावना है। 28 से 30 जून के बीच मध्यम बारिश हो सकती है, जिसमें तापमान 33 से 38 डिग्री और न्यूनतम 25 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।
फिलहाल उम्मीदों का सहारा
राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मॉनसून पहुंच चुका है, लेकिन दिल्ली अब भी इंतजार कर रही है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 3–4 दिनों में मॉनसून दिल्ली समेत देश के बचे हुए हिस्सों में पहुंच जाएगा। फिलहाल, राजधानी वासियों को सिर्फ आसमान ताकने और मौसम विभाग की अगली घोषणा का इंतजार करने के अलावा और कोई विकल्प नहीं है।