बसों में तोड़फोड़ के मुद्दे पर हिमाचल और पंजाब में ठनी, 20 बस रूट बंद
हिमाचल प्रदेश की सरकारी बसें फिलहाल रात को पंजाब में नहींं रुकेंगी। हिमाचल सरकार ने बसों में तोड़फोड़ के बाद 4 जिलों के 20 रूटों पर बस सेवा फिलहाल बंद कर दी है।;
हिमाचल सड़क परिवहन निगम यानी HRTC ने पंजाब के चार जिलों में 20 रूटों पर अपनी सेवा बंद कर दी हैं। यही नहीं, हिमाचल की बसें फिलहाल पंजाब में रात को नहीं रुकेंगी। ये फैसला पंजाब में हिमाचल की सरकारी बसों पर हुए हमले के बाद लिया गया है।
HRTC ने अमृतसर, जालंधर, होशियारपुर और लुधियाना जिलों में 20 रूटों पर बस सेवाएं बंद कर दी हैं। हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को मीडिया को बताया कि जब तक पंजाब की भगवंत मान सरकार बसों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक हिमाचल की बसें रात में पंजाब में खड़ी नहीं की जाएंगी।
बसों पर कहां हुआ हमला?
यह फैसला अमृतसर में HRTC की चार बसों के शीशे तोड़े जाने और एक बस पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने की घटना के एक दिन बाद लिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स में अमृतसर पुलिस के हवाले से बताया गया है कि तोड़फोड़ की घटना के वक्त बसों के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
जिन बसों को नुकसान पहुंचाया गया, वे रात में अमृतसर में पार्क की गई थीं और उन्हें बिलासपुर, देहरा और ऊना के लिए आगे रवाना होना था।
पंजाब में हिमाचल की कितनी बसें?
HRTC की बसें पंजाब में 600 रूटों पर चलती हैं। इनमें से २० रुटों पर सर्विस फिलहाल बंद कर दी गई है। हिमाचल सरकार का कहना है कि जब तक पंजाब सरकार हमें उनकी सुरक्षा का आश्वासन नहीं देती, तब तक बसें रात में पंजाब में पार्क भी नहीं की जाएंगी। उन्हें हिमाचल की सीमा में वापस लाया जाएगा।
बसों में तोड़फोड़ क्यों हुई?
पंजाब में HRTC की बसों और हिमाचल नंबर प्लेट वाले कुछ निजी वाहनों पर हमले तब शुरू हुए जब हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानीय लोगों ने पंजाब के एक ग्रुप के युवाओं की मोटर साइकिलों से भिंडरावाले की तस्वीर वाले झंडे हटा दिए।
ये वाकया पिछले दिनों हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मणिकरण बैरियर पर हुआ। हिमाचल विधानसभा में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि HRTC किसी भी विवाद का पक्षकार नहीं है, फिर भी "कुछ असामाजिक तत्व राज्य की संपत्ति को नुकसान पहुंचाकर शरारत कर रहे हैं।"
उन्होंने बताया, "हिमाचल प्रदेश के DGP ने इस मामले में पंजाब के DGP से बातचीत की है। पंजाब में FIR दर्ज की जा रही हैं और गिरफ्तारियां हो रही हैं। हमारे कर्मचारियों और यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है।"