स्टारडम में दब गई सुरक्षा व्यवस्था, करूर हादसे ने उठाए गंभीर सवाल

तमिलनाडु के करूर में विजय की रैली में भगदड़ से 42 लोगों की मौत, कई घायल। घटना ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए।

Update: 2025-09-28 02:07 GMT
Click the Play button to listen to article

तमिलनाडु के करूर ज़िले के वेलुसामैयपुरम में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिळगा वेत्रि कझगम (TVK) की एक चुनावी रैली के दौरान मचा भगदड़ ने सबको झकझोर दिया। यह रैली करूर–इरोड हाईवे पर आयोजित थी। शाम 7:30 बजे विजय अपने मशहूर तेज़-तर्रार अंदाज़ वाले भाषण के बीच थे, तभी अचानक हालात बिगड़ गए।

सूत्रों के मुताबिक़, इस रैली में लगभग 50,000 से अधिक लोग पहुँच गए, जबकि अपेक्षित संख्या सिर्फ़ 10,000 थी। भीड़ मुख्य रूप से विजय के भारी-भरकम स्टारडम से आकर्षित थी। भीड़ नियंत्रण से बाहर हो गई और जैसे-जैसे लोग अंदर आते गए, प्रवेश द्वार और मैदान में अफरातफरी बढ़ती चली गई। विजय ने मंच से शांति की अपील की और भाषण रोक दिया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।रिपोर्ट्स के अनुसार, कई लोग गिर पड़े और रौंदे गए। कुछ घायल लोग सेप्टिक टैंक में गिरने की भी खबर है।

बचाव और मौतों का आंकड़ा

स्थानीय पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी, एंबुलेंस और रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक़, अब तक कम से कम 42 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 16 महिलाएँ और 8 बच्चे शामिल हैं। दर्जनों लोग घायल हैं और अस्पतालों में भर्ती हैं।

करूर कहां है?

करूर, चेन्नई से लगभग 380 किमी दूर है। यह इलाका टेक्सटाइल और मैन्युफैक्चरिंग का बड़ा केंद्र माना जाता है। वेलुसामैयपुरम में यह स्थल चुना गया क्योंकि पुलिस ने पहले प्रस्तावित स्थल को असुरक्षित बताते हुए अनुमति नहीं दी थी।


विजय कौन हैं और क्यों निकाल रहे हैं रैली?

अभिनेता विजय ने 2024 की शुरुआत में अपनी पार्टी TVK की घोषणा की। यह उनका सिनेमा से राजनीति की ओर बड़ा कदम था। 2026 तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र वे लगातार राज्यभर में विशाल रैलियाँ कर रहे हैं।

उनकी पहली बड़ी कॉन्फ्रेंस अक्टूबर 2024 में विक्रवंडी (विल्लुपुरम) में हुई।अगस्त 2025 में मदुरै में राज्य सम्मेलन हुआ।सितंबर 2025 में त्रिची में उनका पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम हुआ।इसके बाद नागपट्टिनम और फिर करूर  में विशाल रैलियाँ हुईं। करूर की इस रैली में ही यह भयावह हादसा हुआ।

विजय का बयान

हादसे के बाद विजय मीडिया से नहीं मिले, लेकिन X (ट्विटर) पर लिखा: मेरा दिल टूट चुका है। यह असहनीय और अव्याख्येय पीड़ा है। अस्पतालों में भर्ती घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ और करूर में मारे गए अपने प्रिय भाई-बहनों के परिवारों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ।”

रैलियों की तैयारियों पर सवाल

विजय की रैलियों में भीड़ तो अपार उमड़ती है, लेकिन व्यवस्था और तैयारी बेहद कमजोर दिख रही है।त्रिची में उनके पहुँचने में घंटों की देरी हुई, जिससे हालात बिगड़े।प्यास, धूप और इंतज़ार से कई लोग बेहोश हो गए।

फैंस बाड़ों और पेड़ों पर चढ़कर विजय को देखने की कोशिश करते रहे।यानी स्टारडम के सामने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन नाकाफी साबित हुआ।

केंद्र और राज्य की प्रतिक्रिया

गृहमंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से बात कर मदद का भरोसा दिया।प्रधानमंत्री मोदी ने शोक जताया।मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इसे दिल दहला देने वाली त्रासदी कहा और पीड़ित परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवज़ा, गंभीर घायलों को 1 लाख रुपये सहायता, और हाई-लेवल जाँच आयोग की घोषणा की।उन्होंने शिक्षा मंत्री अनबिल महेश और स्वास्थ्य मंत्री मा. सुब्रमणियन को मौके पर भेजा। पड़ोसी ज़िलों से भी मेडिकल टीमें बुलाई गईं।

जांच और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

सरकार ने रिटायर्ड जस्टिस अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक जाँच आयोग गठित कर दिया है।DMK ने विजय और TVK पर क्रिमिनल नेग्लिजेंस का आरोप लगाया।BJP नेता के. अन्नामलाई ने प्रशासन को चरम लापरवाही का दोषी बताया।TVK की महिला विंग की एक पदाधिकारी ने आरोप लगाया कि अचानक बिजली कटने से भगदड़ मची।

Tags:    

Similar News