हवा में 26000 फीट नीचे गिरा बोइंग विमान, यात्रियों में दहशत, बाद में सुरक्षित लैंडिंग
चीन से टोक्यो जा रही बोइंग 737 फ्लाइट करीब 10 मिनट से भी कम समय में लगभग 26,000 फीट नीचे गिर गई, जिसके बाद पायलट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के साथ आपात स्थिति घोषित करनी पड़ी।;
बोइंग विमान के साथ फिर एक बहुत बड़ा हादसा होते-होते बचा। विमान मेें कुछ ऐसा हुआ कि उसमें सवार लोगों में आसमान में करीब दस मिनट तक बहुत दहशत रही। ये डरावना वाकया हुआ स्प्रिंग एयरलाइंस की फ्लाइट में जोकि शंघाई से टोक्यो जा रही थी।
विमान ने शंघाई के पुडोंग एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और नारिता एयरपोर्ट की ओर जा रही थी। जब ये विमान आसमान में था तो अचानक 26,000 फीट नीचे आ गिरा। उस दौरान अफरातफरी और डर का माहौल बन गया था।
ऑक्सीजन मास्क नीचे गिरने लगे, फ्लाइट अटेंडेंट चिल्ला रही थीं और कुछ यात्री तो खुद को सबसे बुरे के लिए तैयार करते हुए वसीयत लिखने और बैंक कार्ड के पिन शेयर करने लगे।
जब ये सब कुछ हुआ, तब विमान 36,000 फीट से गिरकर केवल 10,500 फीट के नीचे आ गया । वो भी केवल 10 मिनट के अंदर। जापान के ओसाका के कांसाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। खुशकिस्मती से सभी 191 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बच गए और किसी को कोई चोट नहीं आई।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लगभग सभी यात्रियों ने ऑक्सीजन मास्क पहने हुए दिखाई दिए। एयरलाइन ने यात्रियों को 15,000 येन (लगभग $104) और एक रात का होटल ठहराव मुआवज़े के तौर पर दिया। घटना की जांच की जा रही है।