दक्षिण अफ्रीका में अंधाधुंध गोलीबारी, 10 लोगों की मौत; कई घायल

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। यह इस महीने के भीतर दक्षिण अफ्रीका में दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है।

Update: 2025-12-21 06:15 GMT
Click the Play button to listen to article

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग शहर के पास एक टाउनशिप इलाके में रविवार को अचानक अंधाधुंध फायरिंग की घटना सामने आई। इस हमले में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस के मुताबिक, यह गोलीबारी जोहान्सबर्ग के बाहरी इलाके बेक्कर्सडाल में हुई। हमलावरों ने सड़क पर चल रहे लोगों को पीछे से निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इस हमले के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान अभी तक सामने नहीं आ सकी है।

बार के पास हुई वारदात

पुलिस ने बताया कि गोलीबारी जिस जगह हुई, वहां एक बार स्थित है और यह इलाका देश की प्रमुख सोने की खदानों के पास बसा एक गरीब क्षेत्र माना जाता है। अधिकारियों के अनुसार, उस इलाके में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की भी सूचना मिली है। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

दूसरी बड़ी गोलीबारी की घटना

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हमले की मंशा अभी स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है। गौरतलब है कि यह इस महीने के भीतर दक्षिण अफ्रीका में दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी की घटना है। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं ने दक्षिण अफ्रीका में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Tags:    

Similar News