पीएम मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान, 8 अहम मुद्दों पर बनी सहमति

Ethiopia ऐसा 28वां देश बन गया है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया है।

Update: 2025-12-17 01:45 GMT
Click the Play button to listen to article

India-Ethiopia relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इथियोपिया ने अपने देश का सबसे बड़ा सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशान’ प्रदान किया है। यह सम्मान इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने उन्हें दिया। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले विदेशी राष्ट्राध्यक्ष हैं। इस सम्मान को पाकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया की सबसे प्राचीन और समृद्ध सभ्यताओं में से एक इथियोपिया द्वारा सम्मानित किया जाना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वह यह सम्मान सभी भारतीयों की ओर से पूरी विनम्रता और आभार के साथ स्वीकार करते हैं। उनके अनुसार, यह सम्मान उन अनगिनत भारतीयों का है जिन्होंने भारत और इथियोपिया के रिश्तों को मजबूत बनाने में योगदान दिया है।

इथियोपिया ऐसा 28वां देश बन गया है, जिसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया है। इस मौके पर अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि जब पूरी दुनिया की नजर ग्लोबल साउथ पर है, तब इथियोपिया की स्वाभिमान, स्वतंत्रता और आत्मगौरव की परंपरा सभी देशों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि भविष्य उन्हीं साझेदारियों का होता है, जो दूरदृष्टि और आपसी विश्वास पर आधारित होती हैं। भारत और इथियोपिया मिलकर ऐसे सहयोग को आगे बढ़ाना चाहते हैं, जो वैश्विक चुनौतियों का समाधान भी करे और नए अवसर भी पैदा करे।

आतंकवाद के खिलाफ समर्थन पर जताया आभार

प्रधानमंत्री मोदी ने इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली से मुलाकात के दौरान आतंकवाद के खिलाफ भारत को मिले समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद इथियोपिया द्वारा जताई गई संवेदनाएं और समर्थन भारत के लिए बेहद अहम हैं। पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मित्र देशों का साथ भारत को और मजबूत बनाता है।

8 अहम मुद्दों पर बनी सहमति

दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत भी हुई। इस दौरान भारत और इथियोपिया के बीच राजनीतिक सहयोग, आर्थिक संबंध, रक्षा सहयोग, विकास परियोजनाएं, व्यापार और निवेश सहित कुल 8 महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। दोनों देशों ने आपसी सहयोग को और गहरा करने का संकल्प दोहराया।

भारत–इथियोपिया रिश्तों को और मजबूत करने पर जोर

इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने कहा कि मौजूदा समय में भारत और इथियोपिया के बीच एक आधुनिक और दूरदर्शी साझेदारी की जरूरत है। यह साझेदारी संप्रभुता, आत्मनिर्भरता और आपसी सहयोग पर आधारित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते समानता और ‘साउथ-साउथ सॉलिडेरिटी’ की भावना से प्रेरित हैं।

साझेदारी के केंद्र में रखने की सराहना

प्रधानमंत्री अबी अहमद ने अफ्रीका को प्राथमिकता देने वाली प्रधानमंत्री मोदी की सोच की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत जिस तरह अफ्रीका की जरूरतों और हितों को साझेदारी का केंद्र बनाता है, वह अफ्रीकी देशों के लिए सम्मान और गरिमा का संदेश है। उन्होंने भारत से अपील की कि वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अफ्रीका की आवाज मजबूती से उठाता रहे।

भविष्य में और मजबूत होगी साझेदारी

दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि विकासशील देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करने की जरूरत है, ताकि वैश्विक चुनौतियों का मिलकर सामना किया जा सके। भारत और इथियोपिया के प्रधानमंत्रियों ने स्पष्ट किया कि आपसी सम्मान, समानता और सहयोग के आधार पर यह साझेदारी आने वाले वर्षों में और अधिक मजबूत होगी।

Tags:    

Similar News