रूस और यूक्रेन के बीच बन सकती है शांति पर बात, पुतिन ने की पेशकश

बताया जा रहा है कि 15 मई को यूक्रेन और रूस के बीच इस्तांबुल में बैठक हो सकती है. ये वार्ता बिना शर्त शांति स्थापित करने के लिए होगी.;

Update: 2025-05-11 04:27 GMT

Russia Ukraine War : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ बिना किसी शर्त के शांति वार्ता की पेशकश की है। यह वार्ता इस महीने की 15 तारीख को तुर्की के इस्तांबुल में आयोजित की जा सकती है। पुतिन की इस घोषणा के बाद दोनों देशों के बीच जारी युद्ध में युद्धविराम की संभावना एक बार फिर मजबूत हो गई है।

राष्ट्रपति पुतिन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह 2022 में रूस और यूक्रेन के बीच शुरू हुई शांति प्रक्रिया को फिर से आगे बढ़ाना चाहते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस समय दोनों देशों ने एक साझा मसौदा भी तैयार किया था, जो बाद में ठंडे बस्ते में चला गया।

गौरतलब है कि इससे पहले पिछले महीने भी पुतिन ने यूक्रेन में तीन दिन के युद्धविराम की घोषणा की थी। यह युद्धविराम द्वितीय विश्व युद्ध में सोवियत विजय के उपलक्ष्य में घोषित किया गया था। उस समय कहा गया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (पूर्व राष्ट्रपति) ने पुतिन से गोलीबारी रोकने और युद्ध को समाप्त करने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करने का आग्रह किया था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।


अमेरिका की मध्यस्थता विफल

बीते महीनों में अमेरिका लगातार रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता की कोशिश करता रहा है। अमेरिका का उद्देश्य इस संघर्ष को कूटनीतिक तरीके से समाप्त करना रहा है। इसके लिए अमेरिकी और रूसी अधिकारियों के बीच कई दौर की बातचीत भी हुई, लेकिन क्रेमलिन से कोई ठोस रियायत हासिल नहीं की जा सकी।

अब जब पुतिन ने खुद बिना शर्त वार्ता की पहल की है, तो अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस पहल को एक सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहा है। सभी की निगाहें 15 मई को होने वाली संभावित बैठक पर टिकी हुई हैं, जिससे युद्ध समाप्ति की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया जा सकता है।


Tags:    

Similar News