पाकिस्तान के राष्ट्रपति जरदारी पर लटक रही है निष्कासन की तलवार, जरदारी की कुर्सी पर मुनीर की नजर?

पाकिस्तान में ऐसी अटकलें इतनी जोरों से उठी हैं कि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी को सोशल मीडिया पर इस बारे में सफाई देनी पड़ी।;

Update: 2025-07-10 13:19 GMT
पाकिस्तान में ऐसी अटकलें जोरों पर हैं कि सेना प्रमुख जनरल मुनीर राष्ट्रपति जरदारी की जगह ले सकते हैं

क्या पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी पर निष्कासन की तलवार लटक रही है? पाकिस्तान में ये अटकलें इन दिनों जोरों पर है। इन अटकलों का असर ये हुआ कि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये सफाई देनी पड़ी।

नकवी ने गुरुवार को राष्ट्रपति जरदारी के संभावित निष्कासन की अटकलों को खारिज करते हुए इसे महज अफवाह करार दिया। उन्होंने इसे राष्ट्रपति, सेना और मुल्क की छवि खराब करने का दुर्भावनापूर्ण अभियान करार दिया। नकवी का यह बयान सोशल मीडिया पर चल रही उन अटकलों के बीच आया, जिनमें कहा जा रहा था कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर जरदारी की जगह देश के राष्ट्रपति बनेंगे।

इस पर पाकिस्तान के गृह मंत्री ने कहा कि मैंने स्पष्ट रूप से कहा है कि राष्ट्रपति से इस्तीफा देने के लिए कहने या सेना प्रमुख के राष्ट्रपति पद संभालने की इच्छा रखने के बारे में न तो कोई चर्चा हुई है और न ही ऐसा कोई विचार है।' 

नकवी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख को निशाना बनाकर चलाए जा रहे दुर्भावनापूर्ण अभियान के पीछे कौन है? इसकी हमें पूरी जानकारी है।' हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया।

मुनीर को 2022 में तीन साल के कार्यकाल के लिए सेना प्रमुख के पद पर पदोन्नत किया गया था, लेकिन पिछले साल सरकार ने कार्यकाल बढ़ाकर पांच साल कर दिया। सरकार इसे एक और कार्यकाल के लिए बढ़ा भी सकती है।

Tags:    

Similar News