Bihar CM Nitish Kumar: दिल्ली चले नीतीश कुमार, राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, अमित शाह भी रहे मौजूद
x

Bihar CM Nitish Kumar: दिल्ली चले नीतीश कुमार, राज्यसभा के लिए दाखिल किया नामांकन, अमित शाह भी रहे मौजूद

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने खुद ऐलान कर दिया है कि वो राज्यसभा जाना चाहते हैं।


नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा

बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने ऐलान कर दिया है कि वो राज्यसभा जाना चाहते हैं। नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और इसकी घोषणा की। नीतीश कुमार पिछले 20 सालों से बिहार के मुख्यमंत्री रहे हैं। ऐसे में नीतीश कुमार का अब दिल्ली जाने का फैसला बिहार की राजनीति में एक अहम अध्याय जोड़ने वाला है। इस खबर पर ताज़ा अपडेट के लिए जुड़े रहिए द फेडरेल देश के साथ...

Live Updates

  • 5 March 2026 3:12 PM IST

    नॉमिनेशन के बाद CM हाउस पहुंचे नीतीश

    नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन कर दिया है। नॉमिनेशन के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह स्टेट गेस्ट हाउस में बीजेपी और जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ मीटिंग कर रहे हैं।

  • 5 March 2026 1:45 PM IST

    नीतीश कुमार ने भरा नामांकन

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए अपना पर्चा भर दिया है। इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।

  • 5 March 2026 1:42 PM IST

    अमित शाह के साथ विधानसभा पहुंचे नीतीश कुमार

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत बिहार में एनडीए के सभी राज्यसभा उम्मीदवार विधानसभा पहुंच गए हैं। अमित शाह भी एनडीए उम्मीदवारों के साथ मौजूद हैं।

  • 5 March 2026 1:41 PM IST

    नीतीश कुमार से मिले अमित शाह

    पटना पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की है। नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। गृह मंत्री अमित शाह बीजेपी और एनडीए के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामांकन में शामिल होंगे।

  • 5 March 2026 1:37 PM IST

    पटना पहुंचे अमित शाह

    अमित शाह पटना पहुंच गए हैं। वे जल्द ही नितिन नवीन के घर जा सकते हैं और उसके बाद NDA के राज्यसभा उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

  • 5 March 2026 1:27 PM IST

    10 अप्रैल तक CM रहेंगे नीतीश

    नीतीश कुमार 10 अप्रैल तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे, चूंकि राज्यसभा का मौजूदा कार्यकाल भी 10 अप्रैल तक है, इसलिए ट्रांजिशन (बदलाव) की प्रक्रिया को बेहद सलीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल, नई सरकार और नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर एनडीए गठबंधन में कोई जल्दबाजी दिखाई नहीं दे रही है।

  • 5 March 2026 1:10 PM IST

    राज्यसभा नामांकन के लिए घर से निकले नीतीश कुमार

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा नामांकन के लिए अपने घर से निकल गए हैं। नीतीश कुमार लगभग पिछले 20 सालों से बिहार के मु्ख्यमंत्री रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने दिल्ली आने का फैसला किया है। ऐसे में बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। 

  • 5 March 2026 1:01 PM IST

    नीतीश युग के अंत की शुरुआत!

    बिहार की राजनीति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राज्यसभा के लिए नामांकन करना काफी अहम राजनीतिक घटना मानी जा रही है। इस नामांकन को बिहार में नीतीश युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है। चर्चा इस बात की है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर से यह फैसला उनके उम्र और स्वास्थ्य कारणों की वजह से लिया जा रहा है। मगर कार्यकर्ता इस फैसले से सहमत नहीं हैं।

  • 5 March 2026 12:34 PM IST

    BJP का CM बनेगा, वो रबर स्टैंप होगा- तेजस्वी यादव

    तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी लोकतंत्र को खत्म कर रही है। बिहार की जनता सब देख रही है। नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं, तो उनेक साथ सहानुभूति है। उनके भविष्य को लेकर आशा करेंगे कि वे स्वस्थ रहें। जेडीयू के कुछ नेताओं के खिलाफ नारेबाजी पर कहा - शुरू से कह रहा था कि हाईजैक हो रखे हैं। जो भी बीजेपी का सीएम बनेगा, वो रबर स्टैंप होगा। ये जनता के साथ धोखा है - आपने नारा दिया था कि 2025-30 फिर से नीतीश, लेकिन बीजेपी नीतीश जी को इतना टॉर्चर कर रही है।

  • 5 March 2026 11:27 AM IST

    नीतीश कुमार का सोशल मीडिया पोस्ट

    सीएम नीतीश कुमार ने लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूँ। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।

Read More
Next Story