बिहार चुनाव: NDA की प्रचंड जीत, राहुल गांधी ने परिणामों को बताया- 'अनुचित और एकतरफा'

Bihar results: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों को खारिज करते हुए इसे “शुरुआत से ही अनुचित” बताया।

Update: 2025-11-15 05:33 GMT
Click the Play button to listen to article

Mahagathbandhan defeat: बिहार में शुक्रवार को नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) ने अपने विरोधियों को करारी शिकस्त देते हुए सत्ता बरकरार रखी और 202 सीटों के साथ अपेक्षाओं से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया। पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने NDA की इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया। चुनाव परिणामों में भाजपा 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जबकि नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) JD(U) ने 85 सीटें जीतीं। वहीं, विपक्षी महागठबंधन राजद और कांग्रेस शामिल को करारी हार का सामना करना पड़ा। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी भी भारी प्रचार अभियान के बावजूद एक भी सीट नहीं जीत सकी।

बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम

| पार्टी | सीटें |

| ------------------------------------------ | ------- |

| भारतीय जनता पार्टी (BJP) | 89 |

| जनता दल (यूनाइटेड) — JD(U) | 85 |

| राष्ट्रीय जनता दल (RJD) | 25 |

| लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) — LJPRV | 19 |

| भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) | 6 |

| AIMIM | 5 |

| हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) — HAMS | 5 |

| राष्ट्रीय लोक मोर्चा | 4 |

| CPI (ML) (Liberation) | 2 |

| इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी | 1 |

| CPI(M) | 1 |

| BSP | 1 |

| कुल | 243 |

पीएम मोदी का बयान

शुक्रवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने NDA की जीत को “लोकतंत्र और सच्चे सामाजिक न्याय की विजय” बताया। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ “जंगल राज का अंत” हो गया है और यह परिणाम अगले वर्ष पश्चिम बंगाल में भी पार्टी की जीत का मार्ग प्रशस्त करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि NDA ने “तुष्टिकरण” की राजनीति को खत्म कर “संतुष्टिकरण” की राजनीति को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को सिरे से खारिज कर दिया है।

उन्होंने अपनी नई MY (महिला + युवा) नीति को इस जीत का आधार बताया। पीएम ने कहा कि बिहार में कुछ लोग तुष्टिकरण पर आधारित MY फार्मूला लेकर आए थे। लेकिन आज एक नया MY फार्मूला सामने आया है—महिला और युवा। बिहार की जनता ने विकास और समृद्धि के लिए रिकॉर्ड मतदान किया है।

महागठबंधन की हार

जहां NDA ने 202 सीटें जीत लीं और बहुमत का आंकड़ा 122 से काफी पीछे छोड़ दिया। वहीं, महागठबंधन 50 का आंकड़ा भी नहीं छू सका और केवल 34 सीटों पर सिमट गया। राजद को 25 तथा कांग्रेस को मात्र 6 सीटें मिलीं। CPI(ML) को दो और CPI(M) को एक सीट हासिल हुई।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव परिणामों को खारिज करते हुए इसे “शुरुआत से ही अनुचित” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार की समीक्षा करेगी और संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखेगी। X पर पोस्ट करते हुए गांधी ने लिखा कि मैं उन लाखों मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने महागठबंधन पर विश्वास जताया। बिहार का यह परिणाम अत्यंत चौंकाने वाला है। हम एक ऐसी चुनावी लड़ाई नहीं जीत सके, जो शुरुआत से ही अनुचित थी।

उन्होंने आगे कहा कि यह लड़ाई संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा की है। कांग्रेस और INDIA गठबंधन इस परिणाम की गहन समीक्षा करेंगे और अपनी लड़ाई को और मजबूत करेंगे।

Tags:    

Similar News