चिराग का राजद और कांग्रेस पर तंज "राजनीति में फ्रेंडली फाइट जैसी कोई चीज़ नहीं"

चिराग पासवान ने कहा कि जिस तरह से कांग्रेस और राजद के कई उम्मीदवार आमने सामने हैं, उससे स्पष्ट है कि महागठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं है.

Update: 2025-10-20 10:32 GMT

Bihar Election 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी बयानबाज़ी तेज़ हो गई है। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आज विपक्षी महागठबंधन (INDIA ब्लॉक) पर जोरदार हमला बोला। पासवान ने कहा कि राजनीति में ‘फ्रेंडली फाइट’ जैसी कोई चीज़ नहीं होती।

उन्होंने कांग्रेस और राजद पर तंज कसते हुए कहा “या तो आप दोस्त हैं, या फिर विरोधी। अगर आप एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतार रहे हैं और एक-दूसरे के नेताओं को निशाना बना रहे हैं, तो फिर इसे दोस्ती कैसे कहा जा सकता है?”
चिराग पासवान का यह बयान तब आया है जब राजद (RJD) ने 143 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, जिनमें से चार सीटों पर कांग्रेस पहले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी थी।
इससे साफ़ संकेत मिलता है कि महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर गहरा असंतोष है।

इतना बड़ा गठबंधन बिखरने की कगार पर

चिराग पासवान ने कहा कि मैंने अपने जीवन में ऐसा चुनाव नहीं देखा, जहाँ इतना बड़ा गठबंधन टूटने की कगार पर हो। सीटों की संख्या तक पर सहमति नहीं बन पाई है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के इस अंतर्विरोध से विपक्ष के वोट बंटेंगे और इसका सीधा राजनीतिक फायदा एनडीए को मिलेगा।
चिराग पासवान ने ये भी कहा कि महागठबंधन को इसका बड़ा नुकसान होगा। उन्होंने कई सीटों पर हमें वॉकओवर दे दिया है।

NDA मज़बूत, महागठबंधन में टकराव

एनडीए गठबंधन की तरफ़ से चिराग पासवान की पार्टी LJP (रामविलास) 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दूसरी ओर, महागठबंधन के सीट शेयरिंग फॉर्मूले के मुताबिक : 

RJD को 143 सीटें,

कांग्रेस को 55 सीटें,

CPI(ML) को 20 सीटें,

CPI को 6 सीटें,

CPM को 4 सीटें

और VIP को 15 सीटें दी गई हैं।

लेकिन कांग्रेस ने अब तक 60 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है यानी गठबंधन के भीतर सीट तालमेल पूरी तरह बिगड़ चुका है। 

बता दें कि चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (रामविलास), एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और इस चुनाव में 29 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार रही है। 



Tags:    

Similar News