GST बचत उत्सव: 54 वस्तुओं की कीमत में गिरावट, निर्मला सीतारमण का दावा

तीनों मंत्रियों ने यह स्पष्ट किया कि GST सुधारों ने न केवल कीमतें घटाईं बल्कि बाजार में मांग को भी नई रफ्तार दी है, जिससे 2025 को भारत की उपभोक्ता अर्थव्यवस्था के लिए एक निर्णायक मोड़ के रूप में देखा जा रहा है।

Update: 2025-10-18 12:09 GMT
Click the Play button to listen to article

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को कहा कि हाल ही में की गई जीएसटी दरों में कटौती का सीधा लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है और इसका असर वस्तुओं की कीमतों में गिरावट के रूप में देखा जा रहा है। वित्त मंत्री ने वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक संयुक्त प्रेस वार्ता में बताया कि 22 सितंबर से लागू नई दरों के बाद 54 वस्तुओं की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। GST दरों में कटौती से खरीदारी में इज़ाफा हुआ है और खपत में यह बढ़त आगे भी जारी रहेगी। हमें पूरा विश्वास है कि कंपनियां इस लाभ को उपभोक्ताओं तक पहुंचा रही हैं।

3,000 से अधिक शिकायतें प्राप्त, 94 का समाधान

सीतारमण ने बताया कि उपभोक्ता मामलों के विभाग को 3,169 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें कहा गया कि जीएसटी में कटौती के बावजूद कीमतें कम नहीं की गईं। इनमें से 3,075 शिकायतें केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) को भेज दी गई हैं और 94 मामलों में समाधान किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उपभोक्ता शिकायत पोर्टल पर नई सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे शिकायतों को सीधे संबंधित ज़ोन के मुख्य आयुक्त को भेजा जा सकेगा।


Full View

खपत में उछाल, बिक्री में वृद्धि

वित्त मंत्री ने बताया कि सितंबर के अंतिम 9 दिनों में खरीदारी में जबरदस्त तेजी आई है।

पैसेंजर वाहनों की डिलीवरी: 3.72 लाख यूनिट

टू-व्हीलर बिक्री: 21.60 लाख यूनिट

थ्री-व्हीलर बिक्री: 5.5% की वार्षिक वृद्धि

375 वस्तुओं पर कीमतों में गिरावट

22 सितंबर से लागू नई GST दरों के तहत टूथपेस्ट, शैम्पू, टीवी, कार, वॉशिंग मशीन जैसे 375 से अधिक उत्पादों की कीमतों में कटौती हुई है। पुरानी 5%, 12%, 18% और 28% की दरों को मिलाकर अब केवल 5% और 18% के दो स्लैब रखे गए हैं, जिससे 99% रोजमर्रा की वस्तुएँ अब सस्ती हुई हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स बिक्री में 20-25% की बढ़ोतरी: अश्विनी वैष्णव

इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस नवरात्रि में इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री में 20 से 25 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि टीवी से लेकर वॉशिंग मशीन और स्मार्टफोन तक हर श्रेणी में रिकॉर्ड बिक्री हुई है, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग को भी बड़ा बढ़ावा मिला है।

पीयूष गोयल ने पीएम मोदी का आभार जताया

वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा 3 सितंबर को की गई GST सुधारों की घोषणा पिछले डेढ़ साल से पीएम मोदी के मार्गदर्शन में चल रही थी। यह नवरात्रि आम जनता के लिए खास बन गई है। उन्होंने कहा कि Next Gen GST के लागू होने से बाजारों और उद्योग जगत में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

Tags:    

Similar News