सेबी ने शेयर बाजार में धोखाधड़ी मामले में अरशद वारसी और 58 अन्य को किया बैन
सेबी ने 59 संस्थाओं को भ्रामक यूट्यूब वीडियो के माध्यम से खुदरा निवेशकों को गुमराह कर ‘पंप एंड डंप’ स्कीम चलाने के लिए ₹58 करोड़ ब्याज समेत लौटाने का आदेश दिया।;
शेयर बाजार की रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने अभिनेता अरशद वारसी, उनकी पत्नी मारिया गोरेटी और 57 अन्य लोगों को शेयर बाजार से 1 से 5 साल तक के लिए बैन कर दिया है। इन लोगों पर आरोप है कि इन्होंने भ्रामक यूट्यूब वीडियो बनाकर लोगों को Sadhna Broadcast नाम की कंपनी के शेयर खरीदने के लिए उकसाया और फिर खुद फायदा उठाया। सेबी ने अरशद और उनकी पत्नी पर ₹5-5 लाख का जुर्माना लगाया है। अरशद ने इससे ₹41.70 लाख और उनकी पत्नी ने ₹50.35 लाख कमाए।
सेबी का कहना है कि इस पूरे धोखाधड़ी की योजना मनीष मिश्रा, गौरव गुप्ता और राकेश गुप्ता ने मिलकर बनाई थी। इन लोगों ने पहले अपने लोगों से शेयर की कीमतें बढ़वाईं और फिर यूट्यूब चैनलों के जरिए इसे एक बढ़िया निवेश बताकर आम लोगों को फँसाया। वीडियो Moneywise, The Advisor और Profit Yatra जैसे चैनलों पर डाले गए थे।
जब आम लोग शेयर खरीदने लगे, तो इन लोगों ने अपने शेयर बेचकर मुनाफा कमा लिया और आम निवेशकों को नुकसान हुआ। सेबी ने इन 59 लोगों को ₹58 करोड़ से ज़्यादा की गलत कमाई को ब्याज समेत लौटाने का आदेश भी दिया है। कुछ लोगों पर ₹5 लाख से लेकर ₹5 करोड़ तक का जुर्माना भी लगाया गया है।
हालाँकि, Varun Media Pvt Ltd नाम की एक कंपनी पर फिलहाल कोई जुर्माना नहीं लगाया गया क्योंकि उस पर पहले से दिवालियापन की कार्रवाई चल रही है। सेबी को जुलाई-सितंबर 2022 के बीच शिकायतें मिली थीं कि Sadhna Broadcast के शेयरों में जानबूझकर हेराफेरी की गई है। इसके बाद सेबी ने मार्च से नवंबर 2022 के बीच की जांच की और अब यह आदेश जारी किया है।