फरीदाबाद में कोचिंग से लौट रही छात्रा को पीछा करने वाले युवक ने मारी गोली
सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई है, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी पहले से ही इंतज़ार कर रहा होता है. जैसे ही छात्रा आती है, वो नजदीक से उस पर दो गोली चलाता है.
By :  The Federal
Update: 2025-11-04 09:53 GMT
Minor Girl Shot By Stalker : राष्ट्रीय राजधानी से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक सिफिरे युवक ने 17 साल की एक लड़की को नजदीक से दो गोली मार दी। घटना के समय लड़की अपनी सहेलियों के साथ थी और कोचिंग से लौट रही थी। आरोपी की पहचान जतिन मंगला के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से लड़की का पीछा कर रहा था। लड़की उसे ऐसा करने से मन कर चुकी थी, इसलिए लड़के ने सनक में लड़की को गोली मार दी। पीड़िता को दो गोलियां लगी हैं और वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
शाम कॉलोनी में हुई वारदात, आरोपी इंतज़ार में खड़ा था
यह घटना फरीदाबाद के बल्लभगढ़ की शाम कॉलोनी में सोमवार शाम को हुई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जतिन बाइक के पास खड़ा लड़की का इंतजार कर रहा था। उसके बैग में कुछ छिपा हुआ दिखता है। जैसे ही लड़की अपने दो दोस्तों के साथ गली में दाखिल होती है, वह बैग से पिस्तौल निकालता है और दूसरी ओर जाकर फायरिंग कर देता है।
फुटेज में साफ दिखता है कि दो गोलियां चलाई गईं। एक लड़की के कंधे में लगी, जबकि दूसरी पेट को छूते हुए निकल गई। वारदात के बाद लड़की दर्द से कराहते हुए गिर पड़ती है, जबकि आरोपी बैग उठाकर बाइक से फरार हो जाता है। उसकी सहेलियां डर के मारे भाग जाती हैं, फिर उनमें से एक मदद के लिए लौटती है।
पुलिस ने हथियार बरामद किया, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया है। फरीदाबाद पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी लड़की को जानता था। पीड़िता ने भी आरोपी की पहचान कर ली है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और अपराध शाखा टीम उसकी तलाश कर रही है।
‘दिल पर निशाना साधा था, हाथ उठाया तो कंधे में लगी गोली’
लड़की की बहन ने मीडिया से बातचीत में बताया कि पीड़िता बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर रही थी और रोज़ इसी रास्ते से कोचिंग से लौटती थी। “वो रास्ते में उसका इंतज़ार कर रहा था। सीसीटीवी में साफ दिखता है कि जैसे ही उसे देखा, गोली चला दी। उसने दिल पर निशाना साधा था, लेकिन मेरी बहन ने हाथ उठाया, जिससे गोली कंधे में लगी।”
पहले भी कर रहा था पीछा, परिवार ने दी थी चेतावनी
परिवार के मुताबिक, जतिन पिछले कई दिनों से लड़की का पीछा कर रहा था। उन्होंने आरोपी के परिवार से शिकायत की थी। उसकी मां हमारे घर आईं और कहा कि वो फिर ऐसा नहीं करेगा। हमने भरोसा कर लिया, लेकिन अगले ही दिन यह वारदात हो गई। पीड़िता की बहन ने बताया कि यह सब हमारे घर से महज़ एक किलोमीटर की दूरी पर हुआ।
जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने पहले पुलिस में शिकायत क्यों नहीं दी, तो उन्होंने कहा कि उसके परिवार वाले हाथ जोड़कर माफ़ी मांग रहे थे। हमें शिकायत करनी चाहिए थी, लेकिन नहीं की।
फिलहाल लड़की का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी जतिन मंगला के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया है।