हरियाणा नतीजों के कई संदेश, इन तीन राज्यों का चुनाव हो जाएगा दिलचस्प

हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो चुके हैं। यहां हम समझने की कोशिश करेंगे कि आने वाले तीन राज्यों महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली पर किस तरह असर पड़ेगा।

By :  Lalit Rai
Update: 2024-10-09 03:13 GMT

Haryana Election Result 2024:  आठ अक्टूबर दिन मंगलवार था। हरियाणा की सभी 90 सीटों के लिए मतगणना जब शुरू हुई तो हर एक की धुकधुकी बढ़ गई थी। उसके पीछे वजह भी तो थी। अगर बीजेपी जादुई आंकड़ा पार करती थी तो वो कई तरह के कीर्तिमान स्थापित करती। मसलन ना सिर्फ वो हैट्रिक बनाती बल्कि हरियाणा के राजनीतिक इतिहास में किसी पार्टी को तीसरी दफा सरकार बनाने का मौका मिलता। मतगणना के दो घंटे तक जो रुझान रहे उससे ऐसा लगा कि कांग्रेस इस बार सत्ता का स्वाद चखेगी। लेकिन 11 बजते ही तस्वीर पलट गई। बीजेपी ने जो बढ़त बनाई वो अंतिम नतीजे तक कायम रही। कांग्रेस को यकीन नहीं हो रहा। लेकिन एक सहयोगी दल शिवसेना यूबीटी ने सवाल और सांत्वना देते हुए निशाना तो साधा।

शिवसेना यूबीटी की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि आखिर क्या बात है कि कांग्रेस सीधी लड़ाई में बीजेपी से हार रही है तो दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपने कैडर से कहा कि हमें अतिआत्मविश्वास से बचना चाहिए। जाहिर सी बात है कि उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस का नाम तो नहीं लिया। लेकिन इशारा उधर ही था। इन सबके बीच हम आने वाले तीन राज्यों महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली के चुनावी संग्राम से समझने की कोशिश करेंगे। 

विधानसभाओं का कार्यकाल
फरवरी 2025 तक तीन राज्यों और 6 राज्यों की 28 विधानसभा सीट के लिये चुनाव होना है। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर 2024 को, झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 और दिल्ली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को खत्म हो रहा है। इसके साथ ही यूपी की 10, राजस्थान की 6, बिहार की चार, मध्य प्रदेश की 2, पंजाब की 5 और छत्तीसगढ़ की 1 सीट पर उपचुनाव भी होना है।

सीटों की गणित

बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा की कुल 288 सीट है और सरकार बनाने के लिए 145 मैजिक नंबर है। झारखंड में 81 सीट और सरकार बनाने के लिए 41, इसके साथ ही दिल्ली में कुल सीट संख्या 70 और सरकार बनाने के लिए 36 सीट चाहिए।

इन आंकड़ों से साफ है कि आने वाले महीने राजनीतिक तौर पर हलचल से भरे होंगे। अगर महाराष्ट्र , झारखंड और दिल्ली की बात करें तो एनडीए और इंडिया गठबंधन की प्रतिष्ठा दांव पर है। मसलन महाराष्ट्र में महायुति की सरकार, झारखंड में इंडिया गठबंधन, दिल्ली में सरकार आम आदमी पार्टी की है लेकिन अरविंद केजरीवाल इंडिया गठबंधन के हिस्सा हैं। हरियाणा के चुनावी नतीजों को इन राज्यों के लिहाज से अहम क्यों माना जा रहा है। दरअसल इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बार बार इस बात को कहा करते थे कि हरियाणा के नतीजे इस बात पर मुहर लगाएगा कि मौदी सरकार समाज के हर तबके का विरोधी है। मोदी सरकार के संविधान-आरक्षण पर हमले को जनता ने नकार दिया है। अब जबकि बीजेपी हरियाणा में तीसरी दफा वो भी शानदार आंकड़ों के साथ वापसी कर चुकी है ऐसे में कांग्रेस उसी अंदाज में हमलावर रहेगी यह बड़ा सवाल है। 

Tags:    

Similar News