हादसे में उजड़ गया परिवार, पर 'विश्वास' की सांसें बनीं चमत्कार

अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में विश्वास रमेश चमत्कारिक रूप से बच निकले, लेकिन उनके भाई अजय की मौत की आशंका है। विश्वास रमेश का इलाज चल रहा है।;

Update: 2025-06-12 15:42 GMT

एक कहावत है जाको राखे साइयां मार सके ना कोए। यह अहमदाबाद एयर इंडिया हादसे में विश्वास कुमार रमेश पर पूरी तरह चरितार्थ हुई।  अहमदाबाद में 12 जून को हुए भयावह एयर इंडिया विमान हादसे में जहां 200 से अधिक लोगों की जान चली गई, वहीं एक 40 वर्षीय यात्री की चमत्कारी ढंग से जान बच गई। यह कहानी है विश्वास कुमार रमेश की, जो हादसे का शिकार हुए विमान में सवार थे लेकिन आज अहमदाबाद सिविल अस्पताल के जनरल वार्ड में भर्ती हैं और अब भी अपने बोर्डिंग पास को सीने से लगाए हुए हैं, मानो ये उनके जीवित बच जाने का प्रमाण हो।

 मौत के बीच दौड़कर पहुंचे ज़िंदगी तक

विश्वास ने मीडिया को बताया कि वो खुद हादसे की जगह से दौड़कर सुरक्षित स्थान तक पहुंचे, इससे पहले कि राहतकर्मी उन्हें ढूंढ पाते। फिर उन्हें एंबुलेंस में अस्पताल लाया गया। हालांकि, उनका बड़ा भाई अजय कुमार रमेश, जो विमान में अलग पंक्ति में बैठा था शायद अन्य यात्रियों के साथ हादसे में मारा गया।

तेज धमाके के बाद कुछ भी समझ नहीं आया

हिंदुस्तान टाइम्स से बात करते हुए विश्वास ने बताया कि टेक-ऑफ के महज़ 30 सेकंड बाद ही उन्हें एक तेज़ धमाका सुनाई दिया, और फिर विमान बेहद तेजी से नीचे गिरा। उन्हें छाती, आंख और पैरों में चोटें आई हैं। हादसे के समय जब उन्होंने खुद को खड़ा किया, तो उनके चारों ओर लाशें और विमान के टुकड़े बिखरे पड़े थे। घबराकर वो दौड़ पड़े और तब तक दौड़ते रहे जब तक कोई उन्हें अस्पताल नहीं ले गया।

ब्रिटिश नागरिक, भारत आए थे परिवार से मिलने

विश्वास ब्रिटिश नागरिक हैं और पिछले 20 वर्षों से लंदन में रह रहे हैं। उनकी पत्नी और बच्चा भी वहीं रहते हैं। वह और उनके भाई अजय कुछ दिनों के लिए दिउ में अपने परिवार से मिलने आए थे और वापसी में उसी विमान से लंदन लौट रहे थे।उन्होंने बताया कि वह अब तक अपने भाई अजय को नहीं खोज पाए हैं और लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं।

पुलिस ने की पुष्टि

अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जी.एस. मलिक ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि एक यात्री सीट 11A पर जीवित मिला है। "एक जीवित यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।

हादसा और विमान की जानकारी

एयर इंडिया की फ्लाइट AI 171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, गुरुवार दोपहर 1:39 बजे अहमदाबाद से उड़ान भरी थी। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के सदस्य भी शामिल थे। उड़ान के महज़ पांच मिनट बाद ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आग की लपटों में घिर गया।यह हादसा न केवल एक तकनीकी विफलता, बल्कि सैकड़ों परिवारों के लिए जीवनभर का दुख बन गया। लेकिन विश्वास की कहानी इस त्रासदी के बीच एक आशा की किरण भी लेकर आई है।

Similar News