अब कांग्रेस के साथ नहीं, अरविंद केजरीवाल का ऐलान- अकेले लड़ेंगे चुनाव

अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा की। कांग्रेस से दूरी बनाई और बीजेपी पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर तीखा हमला किया।;

Update: 2025-07-03 08:30 GMT

आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अहमदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गुजरात में पार्टी के आगामी चुनावी अभियान की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों पर जमकर निशाना साधा और साफ कर दिया कि आम आदमी पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी।

कांग्रेस से दूरी, अकेले लड़ेंगे चुनाव

केजरीवाल ने कहा, “हमारा कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं है। इंडिया ब्लॉक सिर्फ लोकसभा चुनाव के लिए था, अब हमारा किसी से कोई गठबंधन नहीं है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि विसावदर उपचुनाव में AAP ने कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ा और तीन गुना ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की। यह संकेत है कि जनता अब आम आदमी पार्टी को विकल्प मान रही है।


बिहार में भी लड़ेंगे चुनाव

केजरीवाल ने यह भी ऐलान किया कि आम आदमी पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में भी हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा, “हम बिहार में चुनाव लड़ेंगे। हम हर जगह जाएंगे, जहां जनता बदलाव चाहती है। अब हमें किसी गठबंधन की जरूरत नहीं है।”

दिल्ली और पंजाब पर भरोसा बरकरार

दिल्ली नगर निगम चुनाव में पार्टी को झटका लगने पर प्रतिक्रिया देते हुए केजरीवाल ने कहा, “ऊपर-नीचे होता रहेगा। पंजाब में हमारी सरकार दोबारा बनेगी।” उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी का संगठन और जनाधार मजबूत हो रहा है।

बीजेपी सरकार पर तीखा प्रहार

गुजरात में बीजेपी के शासन पर हमला बोलते हुए केजरीवाल ने कहा, “पिछले 30 साल से बीजेपी गुजरात में शासन कर रही है और इस राज्य को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। सूरत में जो बाढ़ आई, वह मानव जनित बाढ़ है—यह बीजेपी के भ्रष्टाचार का नतीजा है। युवाओं को नौकरी नहीं मिल रही, किसानों को यूरिया नहीं मिल रहा, और सभी वर्ग बीजेपी से नाराज़ हैं।”

उन्होंने यह भी जोड़ा, “बीजेपी इसलिए जीतती रही है क्योंकि जनता के पास कोई विकल्प नहीं था। अब सब जानते हैं कि कांग्रेस बीजेपी की जेब में है। कांग्रेस पर अब लोगों को भरोसा नहीं रहा।”

'गुजरात जोड़ो अभियान' की शुरुआत

केजरीवाल ने गुजरात में 'गुजरात जोड़ो अभियान' की शुरुआत का ऐलान करते हुए कहा कि पार्टी अब राज्य के हर घर तक पहुंचेगी और साफ-सुथरी राजनीति का संदेश देगी। “हमने लक्ष्य रखा है कि हर घर तक 5 बार पहुंचना है। जो युवा भ्रष्टाचार मुक्त विकास चाहते हैं, वे AAP के साथ जुड़ें कहा।

केजरीवाल का यह बयान आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र आम आदमी पार्टी की नई रणनीति को दर्शाता है, जिसमें पार्टी खुद को एक मज़बूत, स्वतंत्र और भ्रष्टाचार-विरोधी विकल्प के रूप में प्रस्तुत कर रही है। कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर सीधा हमला बोलकर AAP ने गुजरात की राजनीति में अपनी मौजूदगी को और आक्रामक बनाने का संकेत दे दिया है।

Tags:    

Similar News