भारत के 'त्रिशूल' से पाकिस्तान में खलबली, दो दिन के लिए बंद किए हवाई मार्ग, सीमा पर सैन्य अभ्यास
भारत के त्रिशूल अभ्यास से पहले पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस पर रोक लगा दी है। भारत की तैयारी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की सख्त चेतावनी के बाद पड़ोसी देश ने एहतियातन कदम उठाते हुए अपने कई हवाई मार्ग बंद कर दिए हैं।
भारत की तीनों सेनाओं का संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘त्रिशूल’ शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। भारत की तैयारी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कड़ी चेतावनी के बाद, पड़ोसी देश ने एहतियातन कदम उठाते हुए 28 और 29 अक्टूबर के लिए अपने कई हवाई मार्ग बंद कर दिए हैं। पाकिस्तान ने इसके लिए नोटम (NOTAM – Notice to Airmen) जारी किया है। ऐसा लग रहा है कि पाकिस्तान भारत के इस सैन्य अभ्यास से भयभीत है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में भुज एयरबेस पर कहा था कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक क्षेत्र में कोई हरकत की, तो इसका जवाब ऐसा होगा जो इतिहास और भूगोल दोनों बदल देगा।
यह युद्ध अभ्यास सर क्रीक के पास, यानी पाकिस्तान की सीमा के सटे इलाके में आयोजित किया जाएगा। रक्षा विश्लेषक डेमियन सायमोन ने सैटेलाइट तस्वीरों के हवाले से बताया कि इस अभ्यास का दायरा 28 हजार फीट ऊंचाई तक फैला होगा, जो हाल के वर्षों में सबसे बड़े सैन्य अभियानों में से एक है।
12 दिन चलने वाले अभ्यास में 30 हजार सैनिक भाग लेंगे
राजस्थान में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर यह 12 दिन का युद्धाभ्यास अब तक का सबसे बड़ा होगा। सेना, वायुसेना और नौसेना के 30 हजार जवान थार मरुस्थल में संयुक्त अभ्यास करेंगे। अभ्यास की शुरुआत 30 अक्टूबर से होगी और यह 10 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान सीमा के कुछ क्षेत्रों में वाणिज्यिक उड़ानों के मार्ग में बदलाव भी हो सकता है। युद्धाभ्यास जैसलमेर से लेकर गुजरात के सर क्रीक इलाके तक फैला होगा।