राहुल गांधी का पीएम को पत्र, कहा– 1,600 करोड़ की राहत पंजाब के साथ अन्याय
राहुल गांधी का कहना है कि केंद्र द्वारा घोषित ₹1,600 करोड़ की प्रारंभिक राहत पंजाब की वास्तविक ज़रूरतों से बहुत कम है। अनुमान है कि राज्य को कम से कम ₹20,000 करोड़ का नुकसान हुआ है।;
पंजाब में आई भीषण बाढ़ ने राज्य में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है. हालात का जायज़ा लेने के बाद लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र से व्यापक राहत पैकेज की मांग की है।
राहुल गांधी के मुताबिक, अब तक 4 लाख एकड़ से अधिक धान की फसल नष्ट हो चुकी है और 10 लाख से ज़्यादा पशुओं की मौत हो गई है। लाखों लोग बेघर हो गए हैं, जिनमें अधिकतर वंचित समुदायों के लोग शामिल हैं। बाढ़ से हज़ारों एकड़ ज़मीन निकट भविष्य में भी खेती योग्य नहीं रह पाएगी। कई गाँव अब भी पानी में डूबे हुए और बाकी राज्य से कटे हुए हैं।
राहुल गांधी का कहना है कि केंद्र द्वारा घोषित ₹1,600 करोड़ की प्रारंभिक राहत पंजाब की वास्तविक ज़रूरतों से बहुत कम है। अनुमान है कि राज्य को कम से कम ₹20,000 करोड़ का नुकसान हुआ है। राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि नुकसान का तुरंत आकलन कराया जाए और प्रभावित लोगों के लिए बड़ा और व्यापक राहत पैकेज दिया जाए।
बाढ़ की इस त्रासदी के बीच मानवीय एकजुटता की मिसाल भी देखने को मिली। स्थानीय लोगों ने अपने घरों के दरवाज़े खोलकर बाढ़ पीड़ितों की मदद की और सीमित साधनों के बावजूद हरसंभव सहयोग किया।