सुबह के समय बाथरूम में लगती है देर तो जान लें इस समस्या का समाधान

मोशन पास होने में अधिक समय लगता है और पूरा दिन एनर्जी का लेवल-लो रहता है या मन अशांत और बेचैन रहता है तो यहां बताए गए उपाय आपके बहुत काम आ सकते हैं...;

Update: 2025-04-05 10:57 GMT
क्या पेट साफ होने में लगता है बहुत अधिक समय?

बहुत से लोग सुबह फ्रेश होने में जरूरत से ज्यादा समय लगने की समस्या से जूझते हैं। यह एक आम लेकिन परेशान कर देने वाली स्थिति है, जिसका सीधा संबंध हमारी पाचन क्रिया, दिनचर्या और खानपान से होता है।

जब पाचन कमजोर हो जाता है या शरीर में फाइबर और पानी की कमी होती है तो मोशन क्लियर होने में कठिनाई आती है। इसका असर न सिर्फ सुबह की शुरुआत पर पड़ता है बल्कि पूरे दिन की ऊर्जा और मूड पर भी ये असर डालता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो आइए जानते हैं इसके कारण और कुछ असरदार घरेलू समाधान...

सुबह फ्रेश होने में टाइम लगने के मुख्य कारण

शरीर में पानी की कमी

पर्याप्त पानी न पीने से मल सख्त हो जाता है, जिससे फ्रेश होने में समय लगता है।

फाइबर की कमी

अगर आपके भोजन में फाइबर कम है, तो मल त्याग कठिन हो जाता है, जिससे कब्ज की समस्या हो सकती है।

अनियमित दिनचर्या

रात देर तक जागना, सुबह देर से उठना और अनियमित जीवनशैली पाचन को धीमा कर देती है।

तनाव और मानसिक दबाव

चिंता और स्ट्रेस भी आंतों की गतिविधियों को प्रभावित करते हैं।

शारीरिक गतिविधि की कमी

दिनभर बैठे रहने और व्यायाम की कमी से आंतें सुस्त पड़ जाती हैं।

जल्दी पेट साफ करने के घरेलू समाधान

गुनगुना पानी और नींबू

सुबह उठकर खाली पेट एक गिलास गुनगुने पानी में नींबू मिलाकर पीने से पाचन क्रिया एक्टिव होती है। कुछ लोग इसमें शहद भी मिलाते हैं लेकिन शहद को गर्म करने पर या गर्म चीजों के साथ खाने पर ये टॉक्सिक हो जाता है। यदि आपको बीपी संबंधी समस्या है तो इस विधि को अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह करें।

भीगे हुए मुनक्का

रात को 2-3 मुनक्का भिगोकर रखें और सुबह उन्हें खाएं। यह पेट साफ करने में बेहद मददगार होते हैं।

त्रिफला चूर्ण

त्रिफला एक प्रसिद्ध आयुर्वेदिक औषधि है। रात को सोने से पहले इसे गुनगुने पानी के साथ लेने से कब्ज से राहत मिलती है।

अलसी पाउडर का सेवन

अलसी में भरपूर फाइबर होता है। इसका सेवन दही या पानी के साथ करने से मल त्याग आसान हो जाता है।

हल्का व्यायाम और सुबह की वॉक

सुबह 15-20 मिनट की हल्की वॉक या योग करने से आंतें सक्रिय होती हैं और पेट साफ होने में आसानी होती है।

कब्ज होने पर क्या न करें?

सुबह उठते ही खाली पेट चाय या कॉफी न पिएं

तले-भुने और मसालेदार भोजन से परहेज करें

देर रात खाना न खाएं

लंबे समय तक बैठकर काम करने से बचें, बीच-बीच में उठकर चलें

अपनी डायट में लिक्विड की मात्रा बढ़ाएं। जैसे, दाल, खिचड़ी, दलिया, सूप, जूस इत्यादि का सेवन अधिक करें।

हर दिन 8 से 10 गिलास पानी जरूर पिएं।

कब डॉक्टर से मिलें?

अगर यह समस्या लगातार 7 से 10 दिनों तक बनी रहती है, गैस बनती है या पेट फूलता है तो डॉक्टर से सलाह जरूर करें। यदि आपको किडनी, लिवर या आंतों से संबंधी कोई समस्या है तो डॉक्टर से तुरंत मिलें।

सुबह फ्रेश न हो पाने की समस्या को नज़रअंदाज़ न करें। थोड़े से लाइफस्टाइल बदलाव और कुछ प्राकृतिक उपाय अपनाकर आप इसे आसानी से ठीक कर सकते हैं। जब दिन की शुरुआत ही हल्के और स्फूर्तिदायक तरीके से होगी तो पूरा दिन अच्छा बीतेगा।

डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। कोई भी नियम अपनाने से पहले डॉक्टर से सलाह अवश्य करें।

Tags:    

Similar News