50 से कम उम्र की 57 % महिलाएं हैं एनीमिक, हीमोग्लोबिन गिरने की 4 वजह
महिलाओं में कुछ समस्याएं बहुत कॉमन हैं। यानी हर दूसरी महिला आपको ऐसी दिक्कतों से पीड़ित मिल जाती है। जैसे, हर समय थकना होना, कमजोरी लगना, चक्कर, मूड स्विंग्स...;
Low Hemoglobin And Anemia: हीमोग्लोबिन (Hemoglobin) एक प्रकार का प्रोटीन होता है, जो हमारे लाल रक्त कोशिकाओं (Red Blood Cells) में पाया जाता है। इसका मुख्य कार्य होता है ऑक्सीजन को फेफड़ों से शरीर के सभी हिस्सों तक पहुंचाना और फिर कार्बन डाइऑक्साइड को वापस फेफड़ों तक लाकर बाहर निकालना।
हीमोग्लोबिन कैसे काम करता है?
जब हम सांस लेते हैं तो फेफड़े यानी लंग्स ऑक्सीजन को ग्रहण करते हैं। यह ऑक्सीजन हीमोग्लोबिन के साथ जुड़ जाती है और फिर रक्त के जरिए शरीर के हर हिस्से तक पहुंचती है। जैसे, ब्रेन, मांसपेशियां, हार्ट, किडनी इत्यादि। इसके बदले में हीमोग्लोबिन वहाँ से कार्बन डाइऑक्साइड लेकर फेफड़ों में वापस लौटता है, जहां से यह शरीर से बाहर निकाल दी जाती है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में 15 से 49 वर्ष की आयु की लगभग 57% महिलाएं और 6 से 59 महीने के बीच के करीब 67% बच्चे हीमोग्लोबिन की कमी यानी एनीमिया से प्रभावित हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि यह एक ऐसी समस्या है जिसे सही पोषण और देखभाल से आसानी से रोका जा सकता है।
हीमोग्लोबिन की कमी क्यों होती है?
हीमोग्लोबिन की कमी को एनीमिया (Anemia) कहा जाता है। इसके मुख्य कारण हो सकते हैं...
आयरन की कमी (Iron Deficiency)
विटामिन B12 या फोलिक एसिड की कमी
अत्यधिक रक्तस्राव (जैसे मासिक धर्म, आंतरिक चोट)
किडनी की बीमारी या अन्य पुरानी बीमारियां
सामान्य हीमोग्लोबिन रेंज
पुरुष: 13.8 से 17.2 ग्राम/डेसीलीटर
महिलाएं: 12.1 से 15.1 ग्राम/डेसीलीटर
बच्चे: उम्र के अनुसार अलग-अलग
एनीमिया के लक्षण
बॉडी हर समय थकी हुई रहती है।
बार-बार चक्कर आना।
चेहरे पर पीलापन नजर आने लगता है।
जल्दी-जल्दी बीमारियां घेर लेती हैं।
रिकवरी में सामान्य से अधिक समय लगता है।
पीरियड्स में फ्लो ठीक से ना आना।
सांस फूलने की समस्या होना।
हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए क्या करें?
आयरन युक्त खाद्य पदार्थ खाएं – पालक, अनार, चुकंदर, गुड़, हरी पत्तेदार सब्जियां
विटामिन C लें – ताकि शरीर आयरन को अच्छे से अवशोषित कर सके (नींबू, संतरा, आंवला)
प्रोटीन युक्त आहार लें – जैसे अंडा, दूध, दालें
हीमोग्लोबिन हमारे शरीर का एक अत्यंत महत्वपूर्ण घटक है, जो जीवन के लिए आवश्यक ऑक्सीजन को हमारे शरीर में प्रवाहित करता है। इसकी कमी से थकान, चक्कर, सांस फूलना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सही खानपान और नियमित जांच से इसे संतुलित बनाए रखना जरूरी है।
डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता के लिए लिखा गया है। किसी भी सलाह को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श करें।