Women Health: 40 की उम्र के बाद महिलाएं जरूर करें ये काम, रहेंगी जवां
महिलाएं हर उम्र में खूबसूरत और हेल्दी दिखना पसंद करती हैं। इसका एक कारण यह भी है कि महिलाओं को इसके लिए 40 के बाद से ही संघर्ष करना पड़ता है...;
Health Tips For 40 Plus Women: जवां और फिट बने रहना महिलाओं के लिए हमेशा ही ज्यादा चुनौतीभरा होता है। इसकी वजह है महिलाओं के शरीर में होने वाले हॉर्मोनल बदलाव। हर महीने पीरियड्स के कारण महिलाओं के शरीर में तेजी से हॉर्मोनल बदलाव होता है। इसके साथ ही उम्र के हर स्टेज पर जैसे, टीनऐज में पीरियड्स शुरू होने के दौरान, शादी के बाद होने वाले हॉर्मोनल चेंजेज, प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाले बदलाव, पोस्ट प्रेग्नेंसी होने वाले बदलाव, प्री- मेनोपॉज की प्रॉसेस में हॉर्मोनल चेंजेज और मेनोपॉज के दौरान होने वाले बदलाव... इन स्टेज से हर महिला को गुजरना होता है। ऐसे में पिंपल्स, वीकनेस, क्रैंप्स, हेयर फॉल, थकान, कमर दर्द, त्वचा संबंधी समस्याएं जैसी हेल्थ प्रॉब्लम्स महिलाओं को घेरती रहती हैं। ऐसे में फिट और हेल्दी बने रहकर खूबसूरत दिखने के लिए महिलाओं को एक्स्ट्रा इफर्ट करने होते हैं।
खूबसूरत और फिट बने रहने की ये चुनौती और अधिक बढ़ जाती है, जब महिलाएं 40 की उम्र को पार कर लेती हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि इस उम्र में शरीर में कैल्शियम की कमी प्राकृतिक रूप से होने लगती है। शरीर को अधिक पोषण और देखभाल की जरूरत होती है। यदि ये ना मिले तो सुंदर दिखना तो छोड़िए, स्वस्थ रहना भी मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि 40 की उम्र को पार कर चुकी महिलाओं को खुद पर अधिक ध्यान देने की जरूरत होती है। आपको क्या करना चाहिए ताकि आपकी मुश्किलें ना बढ़ें और जवां लुक भी बना रहे, इस बारे में यहां जानें...
40 की उम्र के बाद क्या खाएं?
कैल्शियम और विटामिन-D से भरपूर आहार लें। जैसे कि हरी पत्तेदार सब्जियां, डेयरी उत्पाद, और मछली।
प्रोटीन, मैग्नीशियम, और पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन करें, जो हड्डियों की मजबूती में मदद करते हैं।
आप चाहें तो लो-कैलोरी मेडिटेरेनियन डायट का सेवन भी कर सकते हैं। ये डायट बढ़ती उम्र की महिलाओं के लिए बेहद खास है।
नियमित रूप से वजन सहन करने वाले व्यायाम करें, जैसे कि चलना यानी वॉकिंग, योग या वेटलिफ्टिंग एक्सर्साइज।
धूम्रपान और अत्यधिक शराब के सेवन से बचें। क्योंकि ये हड्डियों की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं।
40 की उम्र में फिट रहने के लिए क्या करें?
महिलाओं में वजन घटाने और हड्डियों की खनिज घनता (Bone Mineral Density - BMD) में सुधार करने वाली लाइफस्टाइल को फॉलो करें। इसमें फिर से डायट और एक्सर्साइज का रोल बढ़ जाता है। यानी 40 की उम्र में महिलाओं की सुंदरता का रास्ता बिना एक्सर्साइज के तय नहीं किया जा सकता। आपको हर दिन 30 मिनट की वॉक जरूर करें और साथ ही 30 मिनट तक योग और एक्सर्साइज जरूर करें।
नाश्ते में क्या खाएं?- अब तक आप भले ही नाश्ते में पूड़ी-सब्जी, पराठा-अचार, ब्रेड-बटर, टोस्ट इत्यादि भले ही खाती रही हों। लेकिन अब आपको अपने सुबह के नाश्ते में प्रोटीन रिच डायट लें। इनमें पनीर, उबली हुई दालें, उबाले हुए चने, स्प्राउ्टस इत्यादि का सेवन करें।
लंच में क्या खाएं?- दोपहर का भोजन दिन के बाकी दोनों बड़े मील से हैवी होना चाहिए। इस मील को आप चार भागों में बांट लें। यानी आपकी जो थाली है, उसके चार हिस्से करें और इसके आधे में फाइबर रखें, इसमें आप सलाद या कच्ची और उबली हुई सब्जियां शामिल करें। पहले 1/4 में प्रोटीन शामिल करें, इसमें दालें इत्यादि रखें। दूसरे 1/4 में अनाज रखें, इसमें चपाती, चावल इत्यादि शामिल करें।
डिनर में क्या खाएं?- रात के भोजन में क्या खाएं? इसका उत्तर यही है कि आप दोपहर के भोजन की थाली का रूल फॉलो करें यानी थाली को इसी तरह से 4 भागों में बांटकर खाएं। बस अंतर इस बात का है कि आप डिनर की थाली को लंच से हल्का रखें। यानी डिनर में हेवी फूड्स ना लें।
डिसक्लेमर- यह आर्टिकल जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी सलाह को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श करें।