राजनीति और आस्था का संगम, CM रेखा गुप्ता ने की छठ पूजा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुना तट पर की छठ मइया की पूजा, कहा – ‘छठ की दिव्यता दिल्लीवासियों को सुकून दे रही है’।

Update: 2025-10-27 17:03 GMT
Click the Play button to listen to article

Chhath Pooja : तमाम तरह के राजनितिक आरोप प्रत्यारोप के मध्य लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को यमुना नदी के तट पर छठ मइया की पूजा अर्चना की। उनके साथ दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और उनका परिवार भी उपस्थित रहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों को छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “छठ की यह रौनक, इसकी दिव्यता और भव्यता आज दिल्लीवालों को सुकून दे रही है। छठी मैया से यही प्रार्थना है कि उनका आशीर्वाद हम सब पर बना रहे, दिल्ली आगे बढ़ती रहे, सुखी और समृद्ध बनी रहे।”

रेखा गुप्ता ने यमुना तट पर पूजा के बाद बापूधाम, मंगोलपुरी में आयोजित छठ पूजा महोत्सव में भी भाग लिया, जहां उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह पर्व “दिल्ली की एकता और आस्था” का प्रतीक बन चुका है।



कपिल मिश्रा भी पहुंचे पूजा स्थल पर

मुख्यमंत्री के साथ पूजा में शामिल मंत्री कपिल मिश्रा ने भी अपने परिवार सहित छठ मइया को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने कहा कि यह पर्व “प्रकृति और आस्था के अद्भुत संगम” का प्रतीक है और दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।


बीजेपी नेताओं ने भी दी शुभकामनाएं

पूजा के दौरान बीजेपी सांसद मनोज तिवारी, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद योगेंद्र चंदोलिया और विधायक राजकुमार चौहान भी मौजूद रहे। मनोज तिवारी ने कहा कि “छठ का यह उत्सव बिहार के कोने-कोने से निकलकर अब पूरे देश और दुनिया में फैल गया है। इस बार छठ की बहार ऐसी है कि लोकतंत्र का महापर्व भी इसके साथ रंग में रंगा है। बिहार में लोगों का जबरदस्त समर्थन एनडीए के पक्ष में दिख रहा है, 175 से ज्यादा सीटें मिलना कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।”


मैथिली ठाकुर को लेकर बोले मनोज तिवारी

लोक गायिका मैथिली ठाकुर की राजनीति में एंट्री पर मनोज तिवारी ने कहा कि “अगर कोई प्रसिद्ध व्यक्ति जनता की सेवा करना चाहता है, तो उसका स्वागत होना चाहिए। मैथिली ठाकुर अपने क्षेत्र में शानदार काम कर रही हैं और जनता की सेवा के लिए कठिन रास्ता चुनना सराहनीय कदम है।”


छठ पर्व की छटा से नहाई दिल्ली

दिल्ली में इस बार छठ पूजा का उत्सव बेहद भव्य रूप से मनाया जा रहा है। यमुना तट, मंगोलपुरी, बापूधाम, मयूर विहार और द्वारका जैसे इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। राज्य सरकार और स्थानीय निकायों ने घाटों की सफाई, रोशनी और सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए हैं। छठ की भव्यता और श्रद्धा के बीच, दिल्ली की धार्मिक एकता और सांस्कृतिक विविधता की झलक इस पर्व पर साफ दिखाई दी।


Tags:    

Similar News