'वोट चोरी' के आरोपों पर आज कांग्रेस की महारैली, रामलीला मैदान में दिखेगा शक्ति प्रदर्शन

Congress का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की है। पार्टी ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस मुद्दे को समझें और अपने वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आगे आएं।

Update: 2025-12-14 06:01 GMT
Click the Play button to listen to article

Congress Ramlila Maidan rally: कांग्रेस पार्टी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली करने जा रही है। यह रैली “वोट चोरी” के आरोपों को लेकर आयोजित की जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ियां हो रही हैं और सरकार तथा चुनाव आयोग मिलकर लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में हेरफेर और चुनावी व्यवस्था में अनियमितताओं को लेकर जनता को जागरूक करना जरूरी है। इसी उद्देश्य से यह प्रदर्शन किया जा रहा है, ताकि सरकार पर दबाव बनाया जा सके।

कांग्रेस के बड़े नेता होंगे शामिल

इस रैली में कांग्रेस के कई वरिष्ठ और बड़े नेता शामिल होंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रैली को संबोधित करेंगे। इनके अलावा प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट जैसे नेता भी मंच पर मौजूद रहेंगे। मीडिय रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में शामिल होने की संभावना है।

इंदिरा भवन से रामलीला मैदान तक मार्च

रैली से पहले कांग्रेस के सभी सांसद और वरिष्ठ नेता दोपहर 12 बजे पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में एकत्र होंगे। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता वहां से रामलीला मैदान के लिए रवाना होंगे।

राज्यों से भी पहुंच रहे कार्यकर्ता

इस प्रदर्शन में सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी के तीन मुख्यमंत्री और कुछ उपमुख्यमंत्री भी रैली में मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने इसे संसद से सड़क तक लोकतंत्र की लड़ाई बताया है।

लोकतंत्र बचाने की अपील

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह लड़ाई किसी एक पार्टी की नहीं, बल्कि लोकतंत्र को बचाने की है। पार्टी ने आम लोगों से अपील की है कि वे इस मुद्दे को समझें और अपने वोट के अधिकार की रक्षा के लिए आगे आएं।

Tags:    

Similar News