Delhi NCR Rain: आंधी-तेज बारिश का कहर, चार की मौत 100 फ्लाइट्स पर असर
दिल्ली-एनसीआर में मौसम पूरे मिजाज में है।आंधी बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। लेकिन हवाई उड़ानों पर असर पड़ा है। जलभराव से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।;
Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार देर रात शुरू हुई बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक आंधी की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे थी। वैसे तेज हवा अब भी चल रही है। आसमानी बिजली और बादलों की गड़गहाट भी समय समय पर दिखाई और सुनाई पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन भर मौसम इसी तरह का बना रहेगा। बता दें कि मौसम विभाग की तरफ से रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। बारिश की वजह से करीब 100 उड़ानों पर असर पड़ा है। इसके साथ ही दिल्ली के छावला इलाके में चार की मौत भी हुई है।
दिल्ली के जाफरपुर इलाके में ट्यूबवेल का कमरा पेड़ गिरने के कारण ढह गया, जिसके कारण मलबे में कुछ लोग फंस गए, जिन्हें डीएफएस द्वारा बचाया गया और पीसीआर/कैट्स द्वारा राव तुला राम अस्पताल पहुंचाया गया।
ज्योति पत्नी अजय उम्र 28 वर्ष......मृत
आर्यन पुत्र अजय उम्र 7 वर्ष......मृत
ऋषभ....उम्र 5 वर्ष...मृत
बेबी प्रियांश....उम्र 7 महीने....मृत
अजय उम्र 30 वर्ष....छाती और कलाई में चोट
दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक कुल 98 कॉल आईं जिनमें ज्यादातर का नाता पेड़ों के गिरने से संबंधित था। इस तस्वीर में आप जलभराव और ट्रैफिक को देख सकते हैं।
कई इलाकों में ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम बेहद सुहावना हो गया। हालांकि बारिश के चलते सुबह दफ्तर जाने वालों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। भीगती सड़कों और ट्रैफिक जाम के चलते जनजीवन काफी हद तक प्रभावित हुआ। आंधी बारिश की वजह से एयरपोर्ट जाने वालों को सलाह दी गई है कि वो एयरलाइन द्वारा भेजे गए मैसेज को पढ़कर एयरपोर्ट के लिए निकले।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए गुरुवार और शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना रहेगा। साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और तेज आंधी की संभावना भी जताई गई है।
दिल्ली के कई इलाकों में भारी जलभराव हुआ है। यह नजारा मिंटो रोड इलाके का है
IMD के अनुसार, अगले दो घंटों में दिल्ली में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। गुरुवार को सफदरजंग स्थित दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र ने अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। सुबह 8:30 बजे हवा में नमी का स्तर 59 प्रतिशत था, जो शाम तक घटकर 43 प्रतिशत रह गया।
दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन रिंग रोड से नजारा
कई राज्यों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी
केवल दिल्ली ही नहीं, मौसम विभाग ने उत्तर भारत, पूर्वी भारत और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भी खराब मौसम की चेतावनी दी है। विशेष रूप से उत्तर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में तेज आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
ओडिशा के जिलों कंधमाल, कालाहांडी और रायगढ़ा में अगले दो घंटों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में बिजली गिरने और भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है, जिससे स्थानीय जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
सुरक्षा और सावधानी की अपील
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं से कच्चे मकानों, पेड़ों और फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। बिजली और संचार लाइनों के बाधित होने की भी आशंका है। विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे पक्के मकानों में शरण लें, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें।