दिल्ली में 100 करोड़ में बिका बंगला, लुटियंस दिल्ली में बड़ी प्रॉपर्टी डील
लुटियन्स ज़ोन में लग्जरी रियल एस्टेट की बढ़ती मांग के बीच, दिल्ली के पॉश गोल्फ लिंक इलाके में एक बंगला ₹100 करोड़ में बेचा गया है।;
दिल्ली के पॉश गोल्फ लिंक इलाके में एक बंगले की बिक्री ₹100 करोड़ में हुई है। यह डील लुटियन्स दिल्ली में बढ़ती लग्जरी प्रॉपर्टी की मांग के बीच हुई है। राजस्थान के एक शाही परिवार के सदस्य यशवंत सिंह ने यह बंगला खरीदा है, जिसकी पुष्टि CRE Matrix के माध्यम से मिले प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों से हुई है।
प्रॉपर्टी की जो डीटेल मिली है, उसके मुताबिक दिल्ली के गोल्फ लिंक में स्थित इस प्रॉपर्टी का कुल एरिया 588.97 वर्ग मीटर है, जिसमें बिल्ट एरिया
867.33 वर्ग मीटर है। इसकी रजिस्ट्री 12 जून २०२५ को हुई और इसमें ₹7 करोड़ स्टांप ड्यूटी और टैक्स जमा किया गया। जिन्होंने ये बंगला बेचा उनका नाम है अनु जिंदल जोकि गुरुग्राम के द कैमलियास निवासी हैं और खरीदार का पता है एपीजे अब्दुल कलाम रोड, नई दिल्ली।
दस्तावेजों के अनुसार, यह बंगला 2.5 मंजिला है, जिसमें बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, एक बरसाती कमरा और सर्वेंट रूम शामिल हैं। रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार, लुटियन्स दिल्ली में मांग लगातार आपूर्ति से अधिक है। मीडिया रिपोर्ट्स में रोहित चोपड़ा (southdelhiprime.com) के हवाले से कहा गया है कि, “कई पुराने मालिक अब जीवनकाल में ही अपनी संपत्ति को बेचकर नई पीढ़ी के लिए विरासत बनाना चाहते हैं। खरीदारों की कोई कमी नहीं है, लेकिन उपलब्ध संपत्तियाँ सीमित हैं।”
उन्होंने यह भी कहा, “गोल्फ लिंक एक ऐसी मार्केट है जहाँ मांग हमेशा से अधिक रही है, और उपलब्ध प्रॉपर्टियों की संख्या सीमित है।”
पहले की हाई-प्रोफाइल डील्स
फरवरी 2025: संजय कुक्रेजा (Chryscapital Management के CIO) और उनकी पत्नी शवेता शर्मा (CEO, Central Square Foundation) ने ₹155 करोड़ में प्रॉपर्टी खरीदी। इसी सौदे में विक्रेता प्रदीप वर्मा ने एक अन्य बंगला ₹78.5 करोड़ में खरीदा।
2024: सुंदर नगर इलाके में 900 वर्ग गज का बंगला लगभग ₹100 करोड़ में बिका।
फरवरी 2023: वसुंधा रोहतगी (पूर्व अटॉर्नी जनरल मुकुल रोहतगी की पत्नी) ने 2,160 वर्ग गज का बंगला ₹160 करोड़ में खरीदा।
फरवरी 2023: बिज़नेसमैन भानु चोपड़ा (RateGain के संस्थापक) ने ₹127.5 करोड़ में बंगला खरीदा।
2021: डिक्सन टेक्नोलॉजीज़ के चेयरमैन और MD सुनील वचानी ने 1,250 वर्ग गज का बंगला ₹170 करोड़ में खरीदा। यह डील बिना किसी ब्रोकर के सीधे हुई थी।
लुटियन्स बंगला ज़ोन (LBZ) में खास क्या है
लुटियन्स बंगलो ज़ोन में दिल्ली के कुछ सबसे प्रीमियम इलाके आते हैं, जैसे पृथ्वीराज रोड, सुंदर नगर, गोल्फ लिंक, और बंगाली मार्केट के कुछ हिस्से। यह एक हेरिटेज ज़ोन है, जहाँ निर्माण के लिए सख्त नियम लागू हैं जैसे ऊंचाई सीमा, फ्लोर एरिया रेशियो (FAR) और पुनर्निर्माण प्रतिबंध।
हालाँकि यह एक हाईप्रोफाइल एरिया है लेकिन यहाँ खुले स्थान की सीमित सुविधा होती है हालांकि कुछ बंगलों में 10,000 वर्ग फुट से अधिक का कार्पेट एरिया भी होता है।
यह सौदा लुटियन्स दिल्ली के रियल एस्टेट मार्केट में चल रही तेज़ हलचल और बढ़ती मांग को दर्शाता है, जहाँ बेहद सीमित आपूर्ति के बावजूद हाई-एंड बंगलों की बिक्री में रिकॉर्ड मूल्य देखने को मिल रहे हैं।