भारत के मोस्टवॉन्टेड आतंकी के पाकिस्तान में मारे जाने की पूरी कहानी

हाफिज सईद का राइट हैंड अबू कताल पाकिस्तान के झेलम में अज्ञात हमलावरों की अंधाधुंध फायरिंग में मारा गया अबू कताल की भारत को लंबे समय से तलाश थी।;

Update: 2025-03-16 09:57 GMT

पाकिस्तान में स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के चीफ और मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के सबसे करीबी और उसके भतीजे अबू कताल (तस्वीर में लाल घेरे में ) की शनिवार की रात हत्या हो गई। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के झेलम में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर कताल की हत्या कर दी।

इस वारदात के बारे में हमें इसलिए भी जानना जरूरी है क्योंकि अबू कताल भारत का गुनहगार रहा है। जम्मू कश्मीर में जघन्य आतंकी वारदातों में भारतीय एजेंसियों को उसकी तलाश रही है।

कताल भारत का मोस्टवॉन्टेड किन वजहों से था? ये समझने से पहले ये जान लेते हैं कि अ्बू कताल कैसे मारा गया?

कैसे मारा गया कताल?

रिपोर्ट बता रही हैं कि अबू कताल कल पाकिस्तान के झेलम में था। उसे कताल सिंधी के नाम से भी जाना जाता था। मीडिया रिपोर्ट से पता चला है कि कल रात को अबू कताल अपनी टोयोटा पिक अप से कहीं जा रहा था।

शाम को करीब 7-8 बजे के बीच की बात रही होगी। अचानक कुछ मोटर साइकिल सवार बंदूकधारियों ने गाड़ी रुकवाई और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

चश्मदीदों के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि करीब 14-15 राउंड गोलियां चली हैं। इस वारदात में गाड़ी में सामने की सीट पर बैठा अबू कताल मौके पर ही मारा गया। पीछे की सीट पर बैठा उसका गनर भी मारा गया था। इस वारदात में अबू कताल का ड्राइवर जख्मी है।

भारत के लिए कितनी बड़ी खबर?

अबू क़ताल का मारा जाना भारत के लिहाज से भी एक बड़ी खबर है। वह भारत का बड़ा दुश्मन रहा है। अबू क़ताल के खिलाफ भारत की जांच एजेंसी NIA ने 26 फरवरी 2024 को चार्जशीट दाखिल की थी। उसमें कताल को कई आतंकी हमलों का मास्टरमाइंड बताया गया था, जिनमें शामिल है-

1 जनवरी 2023 को राजौरी जिले के ढांगरी गांव में नागरिकों पर हुआ हमला

9 जून को रियासी के शिव-खोड़ी मंदिर से लौट रहे तीर्थयात्रियों की बस पर हमला

2017 में रियासी बम धमाके में शामिल होना जिसमें निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाया था

अप्रैल 2023 में राजौरी पुंछ के भाटिया दूरियान में सेना के वाहन पर हमला

भारत में कैसे घुसा था कताल?

मीडिया रिपोर्ट में NIA के हवाले से जो जानकारी पता चली है, उसके मुताबिक अबू कताल करीब बाईस-तेईस साल पहले पहली बार जम्मू कश्मीर में घुसपैठ करके आया था। उसके बाद वो पुंछ-राजौरी रेंज में सक्रिय हो गया।

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में वो लश्कर-ए-तैयबा का लॉन्च पैड चलाता था और घुसपैठ की योजना बनाता था। जम्मू-कश्मीर में पिछले करीब दो दशक में उसने एक आतंकी नेटवर्क बना लिया था।

पाकिस्तान को कितना बड़ा झटका?

अबू कताल का मारा जाना सिर्फ हाफिज सईद के लिए ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी ISI द्वारा पोषित माने जाने वाले आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा में कताल का खासा दबदबा माना जाता रहा है।

आईएसआई हाफिज सईद के साथ मिलकर भारत के खिलाफ जो आतंकी साजिशें बुनती रही है, इसमें अबू कताल का अहम रोल माना जाता रहा है। कताल आतंकी हमलों की योजना बनाने और उन्हें अंजाम देने का मास्टर था। हाफिज सईद ने उसे ऑपरेशनल कमांडर बनाया हुआ था।

पाकिस्तान में भारत के मोस्टवांटेड आतंकियों की हत्या

अबू कताल पर हमला करने वाले कौन थे? उन्होंने किसके इशारे पर ये वारदात की? क्या वो आपसी झगड़े में मारा गया, इसका कुछ पता नहीं है। पाकिस्तान की सरजमीं पर पहले भी भारत के मोस्टवॉन्टेड आतंकियों की हत्या हो चुकी है। पाकिस्तान की एजेंसियां उन हत्याओं का भी आज तक पता नहीं लगा पाई हैं।

वैसे भारत विरोधी इन आतंकियों की टारगेट किलिंग कुछ ही सालों के भीतर शुरू हुई है। इनमें 2023 में बढ़ोत्तरी देखने को मिली जब पाकिस्तान में एक के बाद एक कई कुख्यात आतंकियों को निपटा दिया गया। जैसे-

1. मौलाना रहीम उल्लाह तारिक- जोकि जैश-ए-मोहम्मद का आतंकी था और मौलाना मसूद अज़हर का करीबी सहयोगी था, उसे 12 नवंबर 2023 को कराची में अज्ञात लोगों ने गोली मार दी

2. अकरम खान उर्फ अकरम गाजी- लश्कर-ए-तैयबा के भर्ती सेल का प्रमुख था जिसकी 9 नवंबर 2023 को खैबर पख्तूनख्वा में गोली मारकर हत्या कर दी गई।

3. ख्वाजा शाहिद उर्फ मियां मुजाहिद - लश्कर के इस आतंकी का शव 5 नवंबर 2023 को LOC के पास पाया गया था। वो सुंजुवान में आर्मी कैंप पर 2018 में हुए हमले का मास्टरमाइंड माना जा रहा था

4. शाहिद लतीफ़- जैश-ए-मोहम्मद का ऑपरेटिव जोकि 11 अक्टूबर 2023 को मारा गया। लतीफ 2016 के पठानकोट हमले का मास्टरमाइंड था

5. मुफ्ती कैसर फारूक- जोकि हाफ़िज़ सईद का करीबी सहयोगी था जिसे 30 सितंबर 2023 को समानाबाद में एक मस्जिद के पास गोली मार दी गई

6. मौलाना जियाउर रहमान- लश्कर का ऑपरेटिव था और 12 सितंबर 2023 को कराची के एक पार्क में उसकी हत्या हो गई

7. मुहम्मद रियाज़ उर्फ अबू कासिम कश्मीरी-जिसकी 8 सितंबर 2023 को POK के रावलकोट में एक मस्जिद के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई

·8. कारी खुर्रम शहजाद- लश्कर के इस आतंकी को 6 सितंबर 2023 को कराची में मोटर साइकिल पर सवार हथियारबंद लोगों ने गोली मार दी थी

9. परमजीत सिंह पंजवार- खालिस्तान कमांडो फोर्स का प्रमुख था और 6 मई 2023 को लाहौर में अपने घर के पास अज्ञात हमलावरों ने उसे मार डाला था

10- जहूर मिस्त्री इब्राहिम- 'जैश-ए-मोहम्मद' से जुड़ा आतंकी। मार्च 2022 में कराची में गोली मारकर हत्या की गई..जहूर साल 1999 में नेपाल से भारत आने वाले विमान की हाइजैकिंग में शामिल था

11. सैयद खालिद रजा- भारत विरोधी आतंकी गुट 'अल बद्र मुजाहिदीन' का प्रमुख - सैयद खालिद रजा की फरवरी 2023 में कराची में उसके घर के बाहर हत्या की गई.

12. बशीर अहमद पीर उर्फ इम्तियाज आलम- 'हिज्बुल मुजाहिदीन' के कमांडर था और सैयद सलाहुद्दीन का करीबी था और 20 फ़रवरी 2023 को रावलपिंडी में इसकी हत्या कर दी गई थी।

गौर करने वाली बात ये है कि इन सभी वारदातों मे एक खास पैटर्न देखने को मिला। जिनमें अज्ञात बंदूकधारी आतंकी की गोली मारकर हत्या कर देते हैं और मोटर साइकिल से भाग जाते हैं। पाकिस्तान की मीडिया रिपोर्ट से मुताबिक कताल के मामले में भी ऐसा ही हुआ।

वैसे पाकिस्तान में इन घटनाओं की शुरुआत कुछ साल पहले एक बम धमाके से हुई थी। हाफिज सईद के घर के बाहर आत्मघाती कार बम विस्फोट हुआ था। यह 23 जून 2021 की बात है, हालांकि उस धमाके में हाफिज सईद बच गया था लेकिन 3 लोग मारे गए थे और 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

अब हाफिज सईद के लाडले और उसके भतीजे अबू कताल के मारे जाने से पाकिस्तान में बैठे आतंकियों और उनको संरक्षण देने वालों में दहशत का माहौल होगा।

Tags:    

Similar News