दिल्ली में शूटआउट, कार सवार की ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या
दिल्ली का पश्चिमी विहार इलाका शुक्रवार सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। एक कार सवार प्रॉपर्टी डीलर पर अंधाधुंध गोलियां चलाकर उसकी हत्या कर दी गईं।;
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में ये वारदात उस वक्त हुई जब एक प्रॉपर्टी डीलर अपनी फॉच्यूनर कार से गुजर रहा था। बाहरी दिल्ली के इस इलाके में शुक्रवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली पुलिस की पीसीआर को गोलीबारी की वारदात की सूचना शुक्रवार सुबह करीब सवा सात बजे मिली। बताया जा रहा है कि पश्चिम विहार में एसबीआई कॉलोनी के सामने हमलावरों ने कार पर अंधाधुंध फायरिंग की।
कार में एक प्रॉपर्टी डीलर सवार था जिसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी। वो गाड़ी लेकर रोजाना सुबह जिम करने जाता है।
शुक्रवार सुबह भी वो अपनी कार से जिम के लिए ही निकले थे, लेकिन रास्ते में बदमाशों ने उसे घेर लिया और कई राउंड गोलियां चलाकर उनकी जान ले ली।
इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस को मौके से करीब एक दर्जन गोलियों के खाली खोखे मिले हैं।
मृतक का नाम फिलहाल सामने नहीं आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है।