उसकी फितरत है मुकर जाने की.. शायराना अंदाज में पाक को शशि थरूर ने घेरा

पाकिस्तान और भारत में संघर्षविराम पर सहमति बनी। लेकिन पाकिस्तान ने अपना रंग दिखा। इस पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने शायराना अंदाज में टिप्पणी की।;

Update: 2025-05-11 02:42 GMT
पाकिस्तान द्वारा सीजफायर उल्लंघन पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एक्स पर तंज कसा।

भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों की भीषण सैन्य तनातनी के बाद शनिवार को शाम 5 बजे से युद्धविराम (सीज़फायर) लागू करने पर सहमति बनी थी। लेकिन समझौते के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर अपनी पुरानी आदत दोहराते हुए सीज़फायर का उल्लंघन कर दिया। भारत ने भी इस पर तत्काल और सटीक प्रतिक्रिया दी।

शशि थरूर की काव्यात्मक प्रतिक्रिया

सीज़फायर उल्लंघन के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने देर रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक व्यंग्यात्मक शेर साझा किया:

"उसकी फ़ितरत है मुकर जाने की, उसके वादे पे यक़ीन कैसे करूं।"


इस शेर के ज़रिए थरूर ने स्पष्ट संकेत दिया कि पाकिस्तान पर भरोसा करना मूर्खता से कम नहीं है। उन्होंने पोस्ट के साथ #ceasefireviolated हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।

"शांति आवश्यक, लेकिन सबक सिखाना भी जरूरी"

सीज़फायर की घोषणा के बाद एक कार्यक्रम के दौरान शशि थरूर ने कहा कि "शांति आवश्यक है और भारत कभी दीर्घकालिक युद्ध नहीं चाहता था, लेकिन आतंकियों को सबक सिखाना जरूरी था।" उन्होंने जोर देते हुए कहा कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के जरिए भारत ने यह सबक प्रभावी रूप से सिखाया है। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने बुधवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च किया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत कश्मीर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए गए।

लगातार हो रहा है सीज़फायर उल्लंघन

शनिवार शाम को ही विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में ड्रोन गतिविधि देखी गई, जिनमें श्रीनगर और गुजरात के कुछ हिस्से शामिल हैं। उन्होंने कहा "पिछले कुछ घंटों में पाकिस्तान ने बार-बार युद्धविराम समझौते का उल्लंघन किया है। हमारी सेना ने इन उल्लंघनों का उचित और सटीक जवाब दिया है। हम इस स्थिति को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।"उन्होंने पाकिस्तान से कहा कि वह स्थिति को गंभीरता और जिम्मेदारी से संभाले और उल्लंघनों को तुरंत रोके।

पाकिस्तान को सख्त चेतावनी

विक्रम मिस्री ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना को निर्देश दिए गए हैं कि अगर अंतरराष्ट्रीय सीमा या नियंत्रण रेखा पर ऐसे उल्लंघन दोहराए गए तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि हालात पर सेना की पैनी नजर बनी हुई है।

सीज़फायर समझौता

शनिवार शाम 6 बजे प्रेस वार्ता के दौरान विक्रम मिस्री ने बताया कि "आज 3:35 बजे पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक ने भारत के सैन्य संचालन महानिदेशक को कॉल की। दोनों पक्षों ने सहमति जताई कि भूमि, वायु और समुद्र तीनों क्षेत्रों में सभी सैन्य कार्रवाइयों को शाम 5 बजे से बंद कर दिया जाएगा। यह भी तय हुआ कि दोनों देशों के सैन्य प्रमुख 12 मई को दोपहर 12 बजे फिर से बातचीत करेंगे।

क्यों भड़का भारत?

22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले में जब पाकिस्तान के आतंकी संगठनों की भूमिका सामने आई, तो भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत सर्जिकल स्ट्राइक कर आतंक के ठिकानों को तबाह कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान ने सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू कर दी, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव फिर से चरम पर पहुंच गया।

पाकिस्तान के दोहरे रवैये और भारत की दृढ़ प्रतिक्रिया के बीच यह स्पष्ट है कि भारत अब केवल शांति की भाषा नहीं बोल रहा, बल्कि शक्ति और सटीकता से जवाब भी दे रहा है। शशि थरूर की शायरी सिर्फ व्यंग्य नहीं, बल्कि एक गहरी कूटनीतिक चेतावनी भी है "अब भरोसा नहीं, अब जवाब होगा।"

Tags:    

Similar News