अमरावती के पुनर्निर्माण की शुरुआत, पीएम बोले ‘सपना साकार हो रहा है’
पीएम मोदी ने कहा कि अमरावती आंध्र प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करेगा और यह शहर AI, ग्रीन एनर्जी और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बनेगा।;
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (2 मई) को अमरावती के ग्रीनफील्ड राजधानी शहर के निर्माण कार्य की पुनः शुरुआत करते हुए इसे आंध्र प्रदेश की आकांक्षाओं का प्रतीक बताया और कहा कि यह "एक सपना है जो अब साकार हो रहा है।"
एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, "अमरावती सिर्फ एक शहर नहीं है, यह एक शक्ति है, जो आंध्र प्रदेश को एक विकसित राज्य में बदलने का माध्यम बनेगा।" इस अवसर पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उनके उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी मौजूद थे।
मोदी ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि इंद्रलोक की राजधानी का नाम अमरावती था, और अब आंध्र प्रदेश की राजधानी का नाम भी अमरावती है। यह मात्र संयोग नहीं है, बल्कि ‘स्वर्ण आंध्र’ के निर्माण का शुभ संकेत है।”
उन्होंने कहा कि टीडीपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने 2047 तक आंध्र प्रदेश को 2.4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में बदलने का लक्ष्य रखा है, और यह ‘स्वर्ण आंध्र’ विकसित भारत के मार्ग को मजबूत करेगा। अमरावती इस दृष्टि को ऊर्जा प्रदान करेगा।
एनटीआर को श्रद्धांजलि
पूर्व मुख्यमंत्री एन.टी. रामाराव (एनटीआर) को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मोदी ने कहा, “एनटीआर ने एक विकसित आंध्र प्रदेश का सपना देखा था। हमें एकजुट होकर अमरावती और आंध्र प्रदेश को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाना है।”
मोदी ने मुख्यमंत्री नायडू के साथ अपने पुराने अनुभव को याद करते हुए कहा, “जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री बना था, तो मैंने हैदराबाद में चंद्रबाबू नायडू के कार्यशैली को बारीकी से देखा। उनसे बहुत कुछ सीखा और आज मैं उसे अमल में लाने का अवसर पा रहा हूं।”
नायडू की प्रशंसा
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री नायडू की प्रशंसा करते हुए कहा, “भविष्य की तकनीकों को अपनाना हो या बड़े पैमाने पर कार्य करना हो, चंद्रबाबू नायडू इस कार्य के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। हमें कार्य को बेहतरीन तरीके से और सबसे कम समय में पूरा करना है।”
उन्होंने कहा कि अमरावती आंध्र प्रदेश के युवाओं के सपनों को साकार करेगा और यह शहर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ग्रीन एनर्जी और औद्योगिक विकास जैसे क्षेत्रों में अग्रणी बनकर उभरेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के इस विजन को साकार करने के लिए रिकॉर्ड गति से सहयोग प्रदान करेगी।
विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री ने अमरावती के पुनर्निर्माण सहित ₹58,000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में विधानसभा, सचिवालय, उच्च न्यायालय और न्यायिक आवासीय परिसर का निर्माण, साथ ही 5,200 परिवारों के लिए आवासीय भवन शामिल हैं।
मोदी ने कहा, “ये परियोजनाएं केवल कंक्रीट की इमारतें नहीं हैं, बल्कि आंध्र प्रदेश की महत्वाकांक्षाओं और विकसित भारत की नींव हैं।”
उन्होंने अंत में कहा, “मैं आंध्र प्रदेश के लोगों और यहां बैठे अपने साथियों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि आप मुझे आंध्र प्रदेश के विकास के लिए हमेशा आपके साथ पाएंगे।”