दिल्ली में बारिश बनी आफत, सड़कें बनीं दरिया, उड़ानों पर असर

दिल्ली में रविवार तड़के भारी बारिश से सड़कें जलमग्न, यातायात बाधित हुआ और IGI एयरपोर्ट पर उड़ानों में देरी व रद्दीकरण से यात्रियों को परेशानी हुई।;

Update: 2025-05-25 02:37 GMT

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में रविवार तड़के हुई मूसलधार बारिश ने शहर की रफ्तार को थाम दिया। कई इलाकों में भारी जलभराव से सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके साथ ही, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर उड़ानों के संचालन में भी व्यवधान उत्पन्न हुआ। तेज हवाएं और दृश्यता में कमी के चलते कई उड़ानों में देरी और कुछ रद्द भी करनी पड़ीं।

दिल्ली के विभिन्न इलाकों से आई तस्वीरें इस बात की गवाही देती हैं कि बारिश ने किस हद तक जनजीवन को प्रभावित किया है। मिंटो रोड जैसी जगहों पर पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि छोटी गाड़ियां तक डूबने लगीं। मिंटो ब्रिज के पास एक कार लगभग पूरी तरह पानी में डूब गई, जिससे इलाके के जल निकासी तंत्र की खामियां उजागर हुईं। टर्मिनल-1 के पास की सड़कें भी जलमार्ग की तरह दिखने लगीं, जिससे यात्रियों और हवाई अड्डे के स्टाफ को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।


इन इलाकों में अधिक असर

धौला कुआं, मोती बाग और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में रात भर की बारिश के बाद सड़कों पर भरे पानी के कारण रविवार सुबह यातायात बेहद धीमा रहा। कार्यालय जाने वाले लोगों और आम यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हवाई यातायात पर असर

दिल्ली एयरपोर्ट पर तेज बारिश और 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के कारण उड़ानों पर असर पड़ा। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, कई उड़ानों में औसतन 30 मिनट से अधिक की देरी हुई जबकि कुछ को रद्द भी करना पड़ा। इंडिगो ने सुबह 3:59 बजे 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि मौसम के कारण उड़ानों में बाधा आई है। 

हालांकि अब हवाई सेना सामन्य हो चुकी है। 

आईएमडी की चेतावनी 

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शनिवार को ही दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया था।  एडवाइजरी में चेताया गया था कि पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से दिल्ली की ओर एक तूफानी सेल बढ़ रही है। रविवार सुबह दिल्ली में 21.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की पुष्टि हुई।


हरियाणा के कई हिस्सों में भी असर

दिल्ली के अलावा झज्जर और करनाल जैसे हरियाणा के हिस्सों में भी तेज बारिश और हवाओं की खबरें आईं, जिससे वहां भी सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

भारत में समय से पहले पहुंचा मानसून

दिल्ली में तेज बारिश के बीच मौसम में बड़े बदलाव का संकेत मिला है। भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। यह 2009 के बाद सबसे जल्दी हुआ आगमन है। साथ ही महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, लक्षद्वीप, बंगाल की खाड़ी और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो गया है।

बिजली आपूर्ति पर भी असर

पिछले सप्ताह भी धूल भरी आंधी और बारिश के कारण दिल्ली के बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वजीराबाद, धीरपुर और बुराड़ी जैसे इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। रविवार की बारिश के बाद भी कुछ क्षेत्रों में बिजली कटौती की शिकायतें आईं।

Tags:    

Similar News