हिंद महासागर तेजी से हो रहा गर्म, भारत समेत कई देशों पर मंडरा रहा खतरा

एक स्टडी के अनुसार, जल्द हिंद महासागर समुद्री हीटवेव का शिकार हो जाएगा. इससे भारत समेत कई देशों में मौसमी आपदाएं बढ़ जाएंगी.

Update: 2024-05-17 10:45 GMT

Indian ocean: क्या हो अगर महासागर गर्म हो जाए. जाहिर है कि समुद्र से लगते इलाकों में कई तरह की दिक्कतें होनी शुरू हो जाएंगी. एक स्टडी में खुलासा हुआ है कि हिंद महासागर में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है. पहले यहां हर साल ज्यादा गर्मी के केवल 20 दिन ही होते थे. लेकिन जल्द ही इनकी संख्या बढ़कर दस गुना हो जाएगी. ऐसे में साइंटिस्टों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर ऐसा हुआ तो हिंद महासागर से लगते भारत समेत करीब 40 देशों में आपदाएं आनी शुरू हो जाएंगी.

बढ़ेंगी मौसमी आपदाएं

इसको लेकर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रोपिकल मेट्रोलॉजी के वैज्ञानिक रॉक्सी मैथ्यू कोल ने अपनी टीम के साथ हिंद महासागर में स्टडी की है. इसके मुताबिक, जल्द हिंद महासागर में हर साल अत्यधिक गर्मी के दिन बढ़कर 220 से 250 हो जाएंगे. ऐसी स्थिति मे हिंद महासागर समुद्री हीटवेव का शिकार हो जाएगा. इससे भारत, मालदीव समेत एशिया के करीब 40 देशों में मौसमी आपदाएं बढ़ जाएंगी. इसकी वजह से बेमौसम बारिश, तूफान, फ्लैश फ्लड की आशंकाएं बढ़ जाएंगी.

समुद्री जीवन को भारी नुकसान

हिंद महासागर के औसत तापमान में एक सदी के 1.2 से 3.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी का अनुमान है. ऐसा होने पर तटीय इलाकों वाले देशों में भारी बारिश और चक्रवाती तूफानों में वृद्धि होने की आशंका है. स्टडी से पता चला है कि समुद्र में पीएच स्तर में कमी आने से पानी एसिडिक हो रहा है और इससे कैल्सीफिकेशन बढ़ रहा है. इससे समुद्र के इकोसिस्टम पर बुरा असर पड़ेगा और मूंगा, समुद्री जीवन को भारी नुकसान होगा.

ग्लोबल वार्मिंग पर तेजी से करना होगा काम

टीम द्वारा की गई स्टडी के अनुसार, हिंद महासागर में साल 1980 से 2020 के दौरान औसत तापमान 28°C से नीचे रहा. जबकि, 21वीं सदी के आखिर तक समुद्र सतह का न्यूनतम तापमान (°C) 28°C (28.5°C-30.7°C) से ऊपर रहेगा.ऐसे में स्टडी में इस बात पर जोर दिया गया है कि ऐसी स्थिति से बचने के लिए ग्लोबल वॉर्मिंग को तेजी से कम करना होगा. इसके लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाकर कार्बन उत्सर्जन को कम करना होगा.

तेजी से बढ़ेगा जलस्तर

स्टडी में कहा गया है कि हिंद महासागर में जिस तरह गर्मी में बढ़ोतरी हो रही है, वह हिरोशिमा-नागासाकी परमाणु बम विस्फोट से निकली ऊर्जा के बराबर है. ऐसे में हिंद महासागर में दस साल में तापमान इतना बढ़ जाएगा कि समुद्री जलस्तर तेजी से बढ़ने लगेगा और कई द्वीप और तटीय इलाके महासागर में समा जाएंगे.

Tags:    

Similar News